Homeपंजाबपंजाब सरकार ने बाढ़-रोधी कार्यों और आपदा प्रबंधन के लिए जारी किए...

पंजाब सरकार ने बाढ़-रोधी कार्यों और आपदा प्रबंधन के लिए जारी किए 146 करोड़ रुपये | 24 Ghante News

पंजाब सरकार ने बाढ़-रोधी कार्यों और आपदा प्रबंधन के लिए जारी किए 146 करोड़ रुपये

By Priyanka Thakur

चंडीगढ़: पंजाब सरकार ने आगामी मानसून सीजन और संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए बड़ा कदम उठाते हुए राज्यभर में बाढ़-रोधी कार्यों और आपदा प्रबंधन के लिए अग्रिम रूप से 146 करोड़ रुपये जारी किए हैं।

राजस्व, पुनर्वास एवं आपदा प्रबंधन मंत्री हरदीप सिंह मुंडियाँ ने शनिवार को जानकारी देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली सरकार प्रदेशवासियों के जान-माल की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि मानसून सीजन को ध्यान में रखते हुए सरकार ने पहले से ही व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं।

मंत्री ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के दौरान प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए राज्य के सभी जिलों को 100 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। यह राशि जिला प्रशासन को किसी भी आपात स्थिति में तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू करने में मदद करेगी।

उन्होंने आगे कहा कि बाढ़ की संभावित स्थिति से निपटने के लिए नावों, बाढ़-रोधी सामग्री और अन्य जरूरी उपकरणों की खरीद हेतु अतिरिक्त 46 करोड़ रुपये भी जारी किए गए हैं। इसके तहत प्रत्येक जिले को दो-दो करोड़ रुपये उपलब्ध कराए गए हैं ताकि आपदा की स्थिति में बिना देरी के कार्रवाई की जा सके।

हरदीप सिंह मुंडियाँ ने बताया कि पंजाब सरकार सभी जिलों की तैयारियों की लगातार समीक्षा कर रही है। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि मानसून शुरू होने से पहले सभी जरूरी प्रबंध पूरे कर लिए जाएं ताकि किसी भी आपदा से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।

उन्होंने कहा कि समय रहते धनराशि जारी किए जाने से जिला प्रशासन की क्षमता और मजबूत होगी तथा लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।

मंत्री ने दोहराया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार आपदा प्रबंधन, नागरिकों की सुरक्षा और राज्य के बुनियादी ढांचे की रक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है और इसके लिए हरसंभव कदम उठाए जा रहे हैं।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments