By Priyanka Thakur
चंडीगढ़: पंजाब राज्य में स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एस.आई.आर.) प्रक्रिया के सुचारू संचालन को सुनिश्चित करने के लिए मुख्य चुनाव अधिकारी, पंजाब के कार्यालय में सोमवार को राज्य स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में चुनाव प्रक्रिया से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों को विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए मुख्य चुनाव अधिकारी अनिंदिता मित्रा ने बताया कि एस.आई.आर. का “घर-घर गणना चरण” 25 जून 2026 से पूरे पंजाब में शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया से संबंधित सभी निर्देशों और प्रक्रियाओं को सही तरीके से समझना बेहद जरूरी है ताकि जमीनी स्तर पर कार्यरत कर्मचारी अपना काम प्रभावी ढंग से कर सकें।
उन्होंने कहा कि इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बीएलओ और ईआरओ सहित चुनावी स्टाफ को आवश्यक जानकारी और व्यावहारिक प्रशिक्षण देना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि एस.आई.आर. प्रक्रिया के दौरान बीएलओ और ईआरओ की भूमिका सबसे अधिक महत्वपूर्ण रहेगी क्योंकि वही मतदाता सूची के सत्यापन और संशोधन की प्रक्रिया को सीधे तौर पर अंजाम देंगे।
मुख्य चुनाव अधिकारी ने सभी जिला चुनाव अधिकारियों और निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने जिलों में चल रहे प्रशिक्षण कार्यक्रमों की व्यक्तिगत रूप से निगरानी करें। उन्होंने कहा कि जमीनी स्तर पर काम कर रहे कर्मचारियों के हर सवाल का समाधान किया जाना चाहिए ताकि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और बिना किसी परेशानी के पूरी हो सके।
अनिंदिता मित्रा ने कहा कि पंजाब की सभी राजनीतिक पार्टियों को भी एस.आई.आर. प्रक्रिया के बारे में जागरूक किया गया है और उनसे सहयोग की अपील की गई है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी योग्य मतदाता का नाम गलत तरीके से मतदाता सूची से न हटे और कोई अयोग्य व्यक्ति अनुचित तरीके से सूची में शामिल न हो।
उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग का उद्देश्य निष्पक्ष, पारदर्शी और विश्वसनीय मतदाता सूची तैयार करना है ताकि लोकतांत्रिक प्रक्रिया को और अधिक मजबूत बनाया जा सके।


