Homeपंजाबबरिंदर कुमार गोयल ने 13 करोड़ रुपये की सिंचाई परियोजनाओं का किया...

बरिंदर कुमार गोयल ने 13 करोड़ रुपये की सिंचाई परियोजनाओं का किया शुभारंभ

By Priyanka Thakur

चंडीगढ़/अमरगढ़/मालेरकोटला: पंजाब के जल संसाधन एवं भूमि व जल संरक्षण मंत्री बरिंदर कुमार गोयल ने अमरगढ़ विधानसभा क्षेत्र के गांव माणकमाजरा और दहलीज़ खुर्द में करीब 13 करोड़ रुपये की सिंचाई परियोजनाओं का शुभारंभ किया। इस दौरान विधायक प्रो. जसवंत सिंह गज्जनमाजरा भी मौजूद रहे। सरकार का दावा है कि इन परियोजनाओं से 3832 एकड़ से अधिक कृषि योग्य भूमि को पहली बार नहरी पानी की सुविधा मिलेगी।

समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री बरिंदर कुमार गोयल ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार किसानों को बेहतर सिंचाई सुविधाएं उपलब्ध कराने और भूजल पर निर्भरता कम करने के लिए गंभीरता से काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य नहरी पानी की हर बूंद को टेलों तक पहुंचाकर पंजाब, पंजाबियत और किसानों के भविष्य को सुरक्षित करना है।

उन्होंने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले की सरकारों ने पानी के मुद्दे पर केवल राजनीति की और पंजाब के हिस्से के पानी की रक्षा करने में असफल रहीं। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार नहरी ढांचे को मजबूत करने के लिए लगातार ठोस कदम उठा रही है ताकि किसानों को लंबे समय तक भरोसेमंद सिंचाई सुविधाएं मिल सकें।

मंत्री ने बताया कि कोटला ब्रांच नहर से नया भसौड़ माइनर बनाया गया है, जिसे करीब 4.07 करोड़ रुपये की लागत से पक्का किया गया है। इससे मालेरकोटला और संगरूर के नौ गांवों को लगभग 50 से 60 वर्षों बाद नहरी पानी मिलेगा। इसके अलावा गांव दरोगेवाल, माणकमाजरा, रुस्तमगढ़, संगाली, संगाला और भैणी कलां तक भूमिगत पाइपलाइनें बिछाई जा रही हैं, जिससे हजारों एकड़ भूमि को पहली बार सिंचाई सुविधा मिलेगी।

दहलीज़ खुर्द में शुरू की गई परियोजनाओं के तहत बठिंडा ब्रांच से 20 किलोमीटर से अधिक लंबी आधुनिक पाइपलाइन बिछाई जाएगी। इससे महरना खुर्द, कंगनपुर और रसूलपुर सहित कई गांवों की 1486 एकड़ भूमि को नहरी पानी उपलब्ध होगा। वहीं दहलीज़ कलां और दहलीज़ खुर्द के 360 एकड़ क्षेत्र को भी सिंचाई सुविधा से जोड़ा जाएगा।

विधायक प्रो. जसवंत सिंह गज्जनमाजरा ने कहा कि पंजाब सरकार किसानों के हितों को प्राथमिकता दे रही है और हर खेत तक नहरी पानी पहुंचाने के लिए बड़े स्तर पर काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से किसानों की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी होगी और कृषि उत्पादन में भी बढ़ोतरी होगी।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments