चंडीगढ़/तरनतारन, 4 फरवरी 2026
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों के तहत पंजाब को सुरक्षित और नशा मुक्त राज्य बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के बीच तरनतारन पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने सीमा सुरक्षा बल (BSF) के साथ संयुक्त ऑपरेशन में सीमा पार से नशे की तस्करी की कोशिश को नाकाम करते हुए करीब 3.925 किलो हेरोइन बरामद की है।
पंजाब पुलिस के महानिदेशक (DGP) गौरव यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि यह कार्रवाई तरनतारन के बॉर्डर आउट पोस्ट (BOP) कालियां के पास की गई। पुलिस ने एक DJI मैट्रिस ड्रोन भी बरामद किया है, जिसका इस्तेमाल पाकिस्तान स्थित तस्करों द्वारा अंतरराष्ट्रीय सीमा पार से हेरोइन भेजने के लिए किया गया था।
डीजीपी ने कहा कि यह मामला आधुनिक तकनीक के जरिए की जा रही सीमा पार तस्करी की ओर इशारा करता है। उन्होंने बताया कि पूरे नेटवर्क को खत्म करने के लिए सीमा पार हैंडलरों की पहचान, सप्लाई रूट्स और आगे-पीछे के लिंक खंगाले जा रहे हैं।
तरनतारन के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) सुरेंद्र लांबा ने बताया कि पंजाब सरकार के ‘बाज़ आंख’ एंटी-ड्रोन सिस्टम ने बीओपी कालियां क्षेत्र में ड्रोन की गतिविधि को ट्रैक किया। सूचना मिलते ही पुलिस और बीएसएफ की टीमों ने संयुक्त सर्च ऑपरेशन चलाया और हेरोइन से लदे ड्रोन को निष्क्रिय कर कृषि क्षेत्र से बरामद किया।
इस मामले में पुलिस थाना वलटोहा, तरनतारन में NDPS एक्ट की धारा 21C और भारतीय वायुयान अधिनियम की धाराओं 25, 26 व 29 के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। जांच जारी है।


