तप, संयम और आत्म-अनुशासन ही मानव जीवन की सबसे बड़ी पूंजी: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी
पंजाब के होशियारपुर में बाबा श्री चंद जी महाराज के 532वें प्रकाश पर्व और सर्वधर्म सम्मेलन में शामिल हुए हरियाणा के मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री ने युवाओं से बाबा श्री चंद जी महाराज के जीवन से आत्म-अनुशासन और गुरु साहिबान से सेवा की प्रेरणा लेने का किया आह्वान
हरियाणा और पंजाब की सभ्यता, संस्कृति और संतों की विरासत साझी- मुख्यमंत्री
चंडीगढ़, 26 सितंबर- हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि तप, संयम और आत्म-अनुशासन ही मानव जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है। असली विजय किसी दूसरे को हराने में नहीं, बल्कि अपने भीतर के क्रोध, लोभ, अहंकार और नफरत पर विजय पाने में है।
मुख्यमंत्री शनिवार को पंजाब के होशियारपुर में प्रथम पातशाह श्री गुरु नानक देव जी के बड़े साहिबजादे बाबा श्री चंद जी महाराज के 532वें प्रकाश पर्व और पूर्णमासी के पावन अवसर पर आयोजित ‘सर्वधर्म सम्मेलन’ को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे।
कार्यक्रम में पधारे संतों और धर्माचार्यों का अभिनंदन करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अलग-अलग धर्मों की उपासना पद्धतियां, प्रार्थना के तरीके, वेशभूषा और भाषाएं भले ही भिन्न हो सकती हैं, लेकिन सबकी मंजिल एक ही है। मनुष्य के भीतर प्रेम जगाना, अहंकार को मिटाना, दुखी की सेवा करना और परमात्मा से जुड़ना है। यह सर्वधर्म सम्मेलन पंजाब की उस महान संस्कृति का जीवंत संदेश है जो दिलों को जोड़ती है और मानवता को सर्वोपरि रखती है।
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने बाबा श्री चंद जी महाराज के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वर्ष 1494 में जन्मे बाबा श्री चंद जी का जीवन वैराग्य, तप और साधना की अद्भुत मिसाल है। संतों ने कठिन दौर में धार्मिक स्थलों की सेवा-संभाल करने के साथ-साथ श्री गुरु नानक देव जी के संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने में अमूल्य योगदान दिया।
मुख्यमंत्री ने श्री गुरु नानक देव जी की 16वीं पीढ़ी के वंशज और कार्यक्रम के आयोजक श्रद्धेय बाबा सुखदेव सिंह बेदी जी का धन्यवाद व्यक्त किया, जिन्होंने इस पावन प्रकाश पर्व को सर्वधर्म सम्मेलन से जोड़कर सर्व-समाज को एक मंच पर लाने का कार्य किया है।
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा और पंजाब केवल भौगोलिक रूप से ही पास नहीं हैं, बल्कि दोनों प्रदेशों की सभ्यता, संस्कृति और संतों की विरासत भी साझी है। हरियाणा की पावन धरती पर कुरुक्षेत्र, पिहोवा, कैथल, जींद, सिरसा और अंबाला जैसे अनेक स्थलों पर गुरु परंपरा और उदासी संतों की पावन स्मृतियां आज भी जीवंत हैं। पंजाब की धरा पर उन्हें सदैव अपनेपन और भाईचारे का अनुभव होता है।
मुख्यमंत्री ने चिंता व्यक्त की कि आज नशा, हिंसा, तनाव और भटकाव युवा शक्ति को कमजोर कर रहे हैं। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे बाबा श्री चंद जी महाराज से आत्म-अनुशासन, श्री गुरु नानक देव जी से सेवा और गुरु परंपरा से साहस सीखकर अपनी ऊर्जा को शिक्षा, खेल, रोजगार, उद्यम और राष्ट्र निर्माण में लगाएं।
गुरबाणी के संदेश ‘पवन गुरु, पानी पिता, माता धरत महत’ का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने धार्मिक आयोजनों को स्वच्छता, जल-संरक्षण और वृक्षारोपण से जोड़ने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि प्रकाश पर्व के अवसर पर पौधा लगाना, किसी जरूरतमंद की सहायता करना और युवा को नशामुक्त बनाना ही बाबा श्री चंद जी के प्रति सच्ची श्रद्धा होगी।
क्रमांक-2026
कांग्रेस व आम आदमी पार्टी की गलत नीतियों के कारण ही आज पंजाब पीछे हो गया: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी
कहा: एक मजबूत एवं विकसित प्रदेश बनाने के संकल्प के लिए एकजुट होकर कार्य करें
संत कबीर कुटीर पर पंजाब के नवांशहर से आए लोगों को मुख्यमंत्री ने किया संबोधित
पंजाब की जनता भाजपा की सरकार बनाने के लिए तैयार: मुख्यमंत्री
चंडीगढ़,26 सितम्बर। हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि पंजाब को नशा मुक्त बनाने के लिए यात्रा निकाली जा रही है। इसलिए पंजाब के लोगों को नशे के खिलाफ एकजुट होकर खड़े होना चाहिए ताकि पंजाब को नशामुक्त बनाने के साथ साथ आर्थिक रूप से भी सशक्त बनाया जा सके।
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी संत कबीर कुटीर में नवांशहर से आए जन प्रतिनिधियों को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने टैम्पो यूनियन के प्रधान कमलजीत राणा की टीम को पार्टी का प्रतीक पटका पहनाकर भाजपा में शामिल किया ओर पार्टी के परिवार शामिल होने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दी।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि कांग्रेस व आम आदमी पार्टी की गलत नीतियों के कारण ही आज पंजाब पीछे हो गया है। आम आदमी की सरकार कांग्रेस से भी ज्यादा भ्रष्टाचारी निकली है। इस सरकार ने पंजाब सूबे को बर्बाद करने का काम किया है। इसलिए अब सूबे की जनता ने पंजाब में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बनाने और एक मजबूत एवं विकसित प्रदेश बनाने का दृढ निश्चय कर लिया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आप व कांग्रेस ने युवाओं को रोजगार देने, भ्रष्टाचार व नशा मुक्त शासन, किसानों की खुशहाली वादा किया था, लेकिन अब इन खोखले वादो से जनता परेशान हो चुकी है। अब पंजाब की जनता ने बदलाव लाने का मन बना लिया है। उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता ने गलत नीतियों के कारण कांग्रेस को बाहर का रास्ता दिखाया। अब आम आदमी की सरकार को भी बाहर का रास्ता दिखाएगी।
आप सरकार ने शहीद भगत सिंह का नाम लेकर भी झूठ बोला
मुख्यमंत्री ने कहा कि आप के मुखिया केजरीवाल ने ईमानदारी और 20 लाख युवाओं को रोजगार देने के साथ ही शहीद भगत सिंह का नारा दिया। जिससे लोग उनके बहकावे में आ गए। उसने भी पंजाब की जनता के साथ बड़ा धोखा किया है। सरदार भगत सिंह ने यह सोचकर कुर्बानी दी थी, कि हमारी आने वाली पीढियां खुली हवा में सांस लेकर सुरक्षित जीवन व्यतीत कर सकें। आप सरकार ने उनका भी अपमान करने का काम किया। पंजाब की जनता से इन्हें माफी मांगनी चाहिए कि शहीद भगत सिंह का नाम लेकर झूठ बोला है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब यह आम आदमी नहीं है, वह खास आदमी है जिसे युवाओं की कोई चिंता नहीं है।
उन्होंने कहा कि पंजाब प्रदेश नहीं, बल्कि संस्कृति, सोच का जज्बा है और देश का नम्बर एक का सूबा रहा है। यह गुरुओं, पीरों, शहीदों और वीरों की पवित्र भूमि है। यहां के लोग बड़े मेहनती हैं और आपसी प्यार व स्नेह के साथ जीवन व्यतीत करते हैं।
श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि पंजाब की जनता ने उन्हें 5 साल का समय दिया। इस कार्यकाल में बेहतर कार्य कर जनता की सेवा करनी चाहिए थी। लेकिन आप व कांग्रेस सरकार ने केवल पंजाब व यहां के भोले लोगों को लूटने का काम किया है।
मुख्यमंत्री ने इस दौरान प्रदेश सरकार द्वारा हरियाणा में किये गए कामों का जिक्र करते हुए कहा कि हरियाणा में बीजेपी सरकार ने बिना पर्ची बिना खर्ची के युवाओं को रोजगार देकर मिसाल पेश की है। उन्होंने कहा कि पंजाब में भाजपा सरकार बनते ही हरियाणा की तर्ज पर विकास कार्य होंगे और सभी जनकल्याणकारी नीतियां को हूबहू क्रियांवित कर लोगों को लाभ दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार ने डंकी रूट के माध्यम से युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वालों पर शिंकजा कसते हुए कानून बनाया है। अगर कोई ऐसा करता है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। इतना ही नहीं, ऐसे एजेंटस के सेंटर को सील तक करने का काम सरकार करेगी। युवाओं को विदेशों में रोजगार दिलाने के लिए विदेश सेवा विभाग बनाया गया है। उन्होंने कहा कि यह विभाग युवाओं के लिए विदेशों से वैकेंसी लेकर आते हैं। इसके बाद युवाओं का चयन कर विदेशों में भेजा जाता है।
कार्यक्रम में संबोधित करते हुए प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री श्री रणबीर गंगवा ने कहा कि हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी जहां भी प्रचार के लिए गए हैं, वहां पार्टी संगठन मजबूत हुआ है और सरकार बनाकर आए हैं। इससे पहले महाराष्ट्र, दिल्ली, आसाम में गए वहां भी भाजपा सरकार बनी। उन्होंने कहा कि अब पंजाब का दौरा कर रहे हैं, यहां भी भाजपा का कुनबा लगातार बढ़ रहा है। इससे स्पष्ट लगता है कि पंजाब में बदलाव का समय आ गया है।
श्री गंगवा ने कहा कि हरियाणा प्रदेश में वर्तमान सरकार ने जनता से किए वादे पूरे किए करने का काम किया हैं। पंजाब में भी सरकार बनते ही पहले दिन से बेहतर कार्य किए जाएगे और पंजाब को नशा मुक्त बनाने के साथ ही आर्थिक रूप से भी सशक्त एवं खुशहाल बनाया जाएगा।
इस अवसर पर नवांशहर जिला प्रभारी जितेन्द्र अटवाल, कपूर सिंह, कपिल कुणाल, अशोक बलौचा, दलीप सिंह, जावेद, बलविन्द्र, गौरवा गाबा, यादवेन्द्र, मुख्यमंत्री के ओएसडी बीबी भारती, राकेश संधु, विदेश सेवा सलाहाकार पवन चौधरी सहित पंजाब के गणमान्य मौजूद रहे।
क्रमांक 2026
*डबल इंजन की सरकार ने देश व प्रदेश में बिछाया सड़कों का जाल : मंत्री रणबीर गंगवा*
*राजौंदवासियों की मांग पर शहर की सड़क अब ब्लॉक की बजाय तारकोल से बनेगी*
*मंत्री ने अधिकारियों को एक सप्ताह में कार्य शुरू करने के दिए निर्देश*
चंडीगढ़, 26 सितंबर। हरियाणा के लोक निर्माण एवं जन स्वास्थ्य मंत्री श्री रणबीर गंगवा ने शनिवार को कैथल के कलायत स्थित लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में राजौंद व कलायत क्षेत्र के लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान पूर्व मंत्री श्रीमती कमलेश ढांडा भी मौजूद रहीं।
मंत्री श्री रणबीर गंगवा ने राजौंद वासियों की मांग पर बड़ा निर्णय लेते हुए कहा कि राजौंद में करीब साढ़े तीन करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली लगभग दो किलोमीटर लंबी सड़क अब ब्लॉक की बजाय तारकोल से बनाई जाएगी। उन्होंने मौके पर ही संबंधित विभाग के अधिकारियों से फोन पर बातचीत कर आगामी एक सप्ताह में सड़क निर्माण का कार्य शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क का निर्माण कार्य तेज गति से पूरा किया जाए और निर्माण की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
उन्होंने बताया कि 10 हजार या इससे अधिक आबादी वाले गांवों को महाग्राम योजना के तहत शामिल किया गया है। प्रदेश के करीब 150 गांव इस योजना के अंतर्गत आते हैं, जिनमें राजौंद भी शामिल है। महाग्राम योजना के तहत शहरों की तर्ज पर सीवरेज, पेयजल सहित अन्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने का कार्य किया जा रहा है। राजौंद में भी सीवरेज व्यवस्था बिछाई गई है।
उन्होंने कहा कि सीवरेज कार्य के बाद मिट्टी के बैठने की संभावना को देखते हुए प्रारंभ में सड़क को ब्लॉक से बनाने का निर्णय लिया गया था, ताकि भविष्य में सड़क को नुकसान होने पर आवश्यकतानुसार मरम्मत की जा सके। लेकिन राजौंदवासियों और पूर्व मंत्री कमलेश ढांडा की मांग को ध्यान में रखते हुए अब सड़क को तारकोल से बनाने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण का कार्य एक सप्ताह के अंदर शुरू करवा दिया जाएगा।
*प्रदेश में 30 हजार 717 किलोमीटर सड़कों का रखरखाव कर रहा लोक निर्माण विभाग:*
मंत्री श्री रणबीर गंगवा ने कहा कि लोक निर्माण विभाग द्वारा पूरे हरियाणा में करीब 30 हजार 717 किलोमीटर सड़कों का रखरखाव किया जा रहा है। इनमें से 16 हजार किलोमीटर से अधिक सड़कों का पैचवर्क एजेंसियों के माध्यम से करवाया जा रहा है। यदि कोई एजेंसी निर्धारित कार्य नहीं करती है तो उसकी बैंक गारंटी को कैश करवाकर विभाग द्वारा कार्य करवाया जाता है। उन्होंने बताया कि छह किलोमीटर वाली सड़कों को कारपेटिंग के लिए शामिल किया गया है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में सड़क नेटवर्क को लगातार मजबूत किया जा रहा है, ताकि नागरिकों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो। हरियाणा के 23 जिले नेशनल हाईवे से जुड़े हुए हैं और प्रदेश की कनेक्टिविटी बेहतर हुई है।
*सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से पात्र लोगों तक पहुंचाया जा रहा योजनाओं का लाभ*
मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में विभिन्न क्षेत्रों में विकास कार्य हुए हैं। देश में सड़कों का विस्तार, नए एयरपोर्ट, मेडिकल कॉलेज तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं का विकास किया गया है।
उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार द्वारा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत प्रदेशभर में विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं, ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाया जा सके। सेवा सेतु अभियान के तहत सभी ब्लॉकों में अंत्योदय मेलों का आयोजन किया जा रहा है। सरकार एवं प्रशासन गरीब एवं जरूरतमंद लोगों को योजनाओं का लाभ देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कार्य कर रहे हैं। अभियान को सफल बनाने के लिए अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। मंत्री ने लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण का संदेश दिया। उन्होंने मौके पर मौजूद लोगों को कहा कि वह ज्यादा से ज्यादा पौधे लगाए क्योंकि पौधे हमें ऑक्सीजन देते हैं और जो कि हमारे जीवन के लिए काफी महत्वपूर्ण है।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री कमलेश ढांडा, राजौंद नगर पालिका की चेयरपर्सन बबीता, सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
क्रमांक 2026
एशियन गेम्स में हरियाणा की बेटियों का जलवा, तिरंगे की शान बढ़ा रहीं हैं बेटियां- खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम
खेल मंत्री गौरव गौतम ने भारतीय महिला कबड्डी टीम और हरियाणा की खिलाड़ियों को दी शुभकामनाएं, कहा—पदकों के साथ लौटेंगी हरियाणा की बेटियां
एशियन गेम्स से वापस लौटने पर हरियाणा के खिलाड़ियों का किया जाएगा भव्य स्वागत और सम्मान
चंडीगढ़, 26 सितंबर- जापान के आइची-नागोया में आयोजित एशियन गेम्स-2026 में भारतीय खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन के बीच हरियाणा की बेटियां देश का मान बढ़ा रही हैं। हरियाणा के खेल राज्य मंत्री श्री गौरव गौतम ने एशियन गेम्स में भारतीय महिला खिलाड़ियों और विशेष रूप से हरियाणा की बेटियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन पर उन्हें हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि बेटियों ने अपनी मेहनत, प्रतिभा और जज्बे से एक बार फिर सिद्ध कर दिया है कि हरियाणा खेल प्रतिभाओं की जननी है।
खेल मंत्री ने कहा कि भारतीय महिला कबड्डी टीम में हरियाणा की छह बेटियों की मौजूदगी प्रदेश के लिए अत्यंत गर्व का विषय है। बेटियां आज न केवल खेल के मैदान में बल्कि हर क्षेत्र में देश का नेतृत्व कर रही हैं। कबड्डी टीम का यह प्रदर्शन टीमवर्क, अनुशासन और मजबूत इच्छाशक्ति का प्रतीक है। उन्होंने उम्मीद जताई कि हरियाणा के खिलाड़ी एशियन गेम्स से पदकों की बड़ी सौगात लेकर लौटेंगे।
गौरव गौतम ने बताया कि राज्य सरकार खिलाड़ियों को आधुनिक खेल सुविधाएं और अंतरराष्ट्रीय स्तर की कोचिंग उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। ‘मिशन ओलंपिक-2036’ के जरिए प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को शुरुआती स्तर से तराशने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘खेलो इंडिया’ जैसी योजनाओं से देश में खेलों का एक मजबूत वातावरण तैयार हुआ है, जिसका सीधा असर अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देखने को मिल रहा है।
खेल मंत्री ने कहा कि एशियन गेम्स से लौटने पर प्रदेश के खिलाड़ियों का भव्य स्वागत और नागरिक अभिनंदन किया जाएगा। उन्होंने युवाओं से खेलों को व्यक्तित्व निर्माण का माध्यम बनाने की अपील की और कहा कि सरकार हर प्रतिभाशाली खिलाड़ी को आगे बढ़ने के समान अवसर प्रदान करती रहेगी।
क्रमांक-2026
विज़न2एक्शन पोर्टल पर विभागीय अधिकारियों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम हुआ संपन्न
चंडीगढ़, 26 सितंबर- हरियाणा विज़न-2047 के दूरगामी लक्ष्यों को व्यावहारिक विभागीय कार्ययोजनाओं से जोड़ने तथा उनकी नियमित निगरानी को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से आयोजित तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। स्वर्ण जयंती हरियाणा वित्तीय प्रबंधन संस्थान, पंचकूला के तत्वावधान में सतत विकास लक्ष्य समन्वय एवं त्वरण केंद्र द्वारा आयोजित यह प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
संस्थान के महानिदेशक डॉ. राज नेहरू के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य राज्य के विभिन्न विभागों द्वारा तैयार की जा रही कार्ययोजनाओं को ‘विज़न2एक्शन’ पोर्टल पर डिजिटल स्वरूप प्रदान करना था। प्रशिक्षण में हरियाणा सरकार के विभिन्न विभागों से नामित नोडल एवं बैकअप अधिकारियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों को अवगत कराया गया कि आगामी विभागीय समीक्षा बैठकों में योजनाओं की प्रगति का आकलन केवल विज़न2एक्शन पोर्टल के माध्यम से ही किया जाएगा। इसके लिए विभागों को अपनी कार्ययोजनाओं को निर्धारित आधिकारिक क्रम—विज़न थीम, विज़न इश्यू, विज़न पाथवे, तथा विभागीय कार्रवाई/प्रमुख कार्य-निष्पादन संकेतक के अनुरूप दर्ज करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं।
प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को पोर्टल पर पंजीकरण, विभाग चयन, आधाररेखा तय करने, वर्षवार लक्ष्य निर्धारण, तथा त्रैमासिक गतिविधियों को अद्यतन करने का व्यावहारिक अभ्यास कराया गया।
इस प्रशिक्षण का उद्देश्य आगामी समीक्षा बैठकों से पूर्व विभागीय आंकड़ों की सटीकता, पूर्णता और नियमित अपडेशन सुनिश्चित करना है, जिससे ‘हरियाणा विज़न-2047’ के संकल्पों को समयबद्ध तरीके से धरातल पर उतारा जा सके।
कार्यक्रम के सफल संचालन में संस्थान की राज्य कार्यक्रम अधिकारी डॉ. सविता मण्ढार और सतत विकास लक्ष्य केंद्र के प्रमुख विकास वर्मा की प्रमुख भूमिका रही। विषय विशेषज्ञ ऋषि राज शर्मा ने मुख्य प्रशिक्षक के रूप में अधिकारियों की तकनीकी जिज्ञासाओं का समाधान किया। इसके अतिरिक्त, तकनीकी एवं संचार व्यवस्था में अखिल शर्मा, दीक्षांत शर्मा और यशोजित कसेरा ने सहयोग प्रदान किया।
क्रमांक-2026


