Homeहरियाणापंचकूला के सुनियोजित विकास पर विशेष फोकस, शहर के बुनियादी ढांचे को...

पंचकूला के सुनियोजित विकास पर विशेष फोकस, शहर के बुनियादी ढांचे को मिलेगा नया विस्तार*पंचकूला के सुनियोजित विकास पर विशेष फोकस, शहर के बुनियादी ढांचे को मिलेगा नया विस्तार*

पंचकूला के सुनियोजित विकास पर विशेष फोकस, शहर के बुनियादी ढांचे को मिलेगा नया विस्तार*

 

*मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने की पंचकूला के विकास कार्यों की समीक्षा*

 

चंडीगढ़, 30 सितंबर – हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने पंचकूला के सुनियोजित, समग्र एवं आधुनिक विकास को नई गति देने के निर्देश देते हुए कहा कि शहर की मौजूदा आवश्यकताओं के साथ-साथ भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए दीर्घकालिक विकास योजनाओं को तेजी से अमलीजामा पहनाया जाए। उन्होंने पंचकूला में बेहतर नागरिक सुविधाओं, सुदृढ़ बुनियादी ढांचे, सुगम यातायात व्यवस्था, पर्याप्त एवं स्वच्छ पेयजल, आधुनिक आवासीय सुविधाओं, विकसित बाजारों, हरित क्षेत्रों, बेहतर पार्कों, खेल एवं मनोरंजन सुविधाओं तथा स्मार्ट सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था पर विशेष बल दिया।

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी बुधवार को चंडीगढ़ में पंचकूला में किए जा रहे विकास कार्यो को लेकर समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव श्री राजेश खुल्लर, पंचकूला के मेयर श्री श्याम लाल बसंल सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

 

*विभाग अपनी भूमि की पहचान कर अतिक्रमण से मुक्त करवाएं*

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि शहरी स्थानीय निकाय, एचएसवीपी, पीएमडीए, एचएसआईडीसी सहित सभी विभाग अपनी भूमि की पहचान कर अतिक्रमण से मुक्त करवाएं। इसके साथ ही अधिकारी यह भी सुनिनिश्चित करें कि उस भूमि पर दोबारा से अतिक्रमण न हो। उन्होंने कहा कि सेक्टर 7, 11 व 17 की रेहड़ी मार्केट में पालिका बाजार चण्डीगढ की तर्ज पर मार्केट विकसित करने के लिए प्रस्ताव तैयार किया जाए। इसके अलावा माजरी चौक पर लोगों को जाम से निजात दिलाने के लिए उसे रिडिजाईन कर अण्डर पास बनाने का भी प्रपोजल बनाया जाए ताकि भविष्य में जाम की कोई समस्या न आए।

*पेयजल सुलभ करवाने के लिए 100 एमएलडी बढौतरी करने पर करें कार्य*

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि खडक मंगोली के लोगों को 7500 फ्लैट बनाकर देने की प्रक्रिया भी जल्द ही शुरू की जाएगी। पंचकूला के लोगों को पर्याप्त मात्रा में पेयजल सुलभ करवाने के लिए भाखड़ा से आने वाले पानी की क्षमता में 100 एमएलडी बढौतरी करने पर कार्य किया जाए। इसके अलावा कालका में भी पेयजल समस्या के स्थाई समाधान करने पर कार्य किया जाए। उन्होंने कहा कि मोरनी क्षेत्र में बरसाती पानी को एकत्र करने के लिए डैम बनाया जाए, ताकि जलसंचय हो। इसके साथ ही कोशल्या डैम की क्षमता बढाने का कार्य किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कालका में मल्टीस्टोरी लाईब्रेरी का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए टेण्डर प्रक्रिया जल्द ही पूरी कर ली जाएगी। कालका में गौशाला के पास 5 टयूबवैल लगाए जा रहे हैं। इनमें से दो लगाए जा चुके हैं तथा शेष लगाने पर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शहरी क्षेत्र में बेसहारा पशुओं के लिए दो गौशालाओं की पहचान कर उनमें पशुओं को भेजने का कार्य किया जा रहा है। इसके अलावा पशुओं को छोड़ने वालों पर सख्त कार्यवाई जाएगी।

 

*मनसा देवी के आसपास बनाया जाएगा कोरिडोर*

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि मनसा देवी मंदिर के आसपास कोरिडोर बनाया जाएगा। इसके लिए भी प्रस्ताव तैयार कर अमलीजामा पहनाया जाए। सकेतड़ी के पास 117 एकड़ भूमि पर ग्रीन बेल्ट के साथ गोल्फ कल्ब एवं बोटैनिकल पार्क बनाने के लिए भी प्रस्ताव तैयार किया जाए। इसके अलावा शहर की मुख्य सड़कों पर 5470 कैमरे लगाए जाएगें। कैमरों की निगरानी एवं विशलेषण के लिए डायल 112 पुलिस भवन में कमाण्ड नियत्रंण केन्द्र स्थापित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पंचकूला नगर परिषद के साथ कालका एवं पिंजौर में सीसीटीवी कैमरे आदि लगाने के लिए 6 लाईन की स्पेशल आप्टिकल वायर लगाई जाए, ताकि वह भविष्य में अन्य कार्यों के लिए उपयोग में लाई जा सके। उन्होंने कहा कि कैमरों से वाहनों की चालानिंग ऑनलाईन की जा सकेगी। उन्होंने कहा कि साढे 9 एकड़ में बनने वाली शूटिंग रेंज स्पोर्टस काम्पलेक्स पर तेजी से कार्य किया जा रहा है। इसमें 10, 20 और 50 मीटर की विश्वस्तर की प्रतियोगिताओं की फाईनल शूटिंग की जा सकेगी। रेंज का कार्य पूरा होने के बाद इसमें होस्टल का भी निर्माण करवाया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि टाउन पार्क से सिंह नाला चौ को पक्का करने का कार्य किया जा रहा है। इसके अलावा सेक्टर 20/21 एवं बेल फैक्ट्री परशुराम चौक तक स्टोर्म वाटर ड्रेन को मजबूत किया जा रहा है। शहर के सभी चौराहों के सौन्दर्यकरण पर भी तेजी से कार्य किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को सर्विस रोड़ के साथ घास की कटाई कर सफाई करने के निदेश दिए। पंचकूला में दो एसटीपी 6-6 एमएलडी तथा एक 10 एमएलडी क्षमता सहित तीन एसटीपी बनाए जा रहे हैं। लेजरवैली पार्क का एस्टीमेट तैयार कर लिया गया है। अटल पार्क का निर्माण कार्य नवम्बर तक पूरा कर लिया जाएगा।

 

*नागरिकों की 183 शिकायतें में से 162 समस्याओं का समाधान*

 

पीएमडीए के सीईओ  और सूचना जनसम्पर्क एवं भाषा विभाग के आयुक्त एवं सचिव श्री के. मकरंद पांडुरंग ने बताया कि अब तक नागरिकों की 183 शिकायतें आई, जिनमें से 162 समस्याओं का समाधान कर दिया गया है। सर्विस रोड़ दुरूस्त करने के लिए एस्टीमेट बना दिए गए हैं। इसके अलावा सड़कों के किनारे रंग पेंट कर सौन्दर्यकरण किया जा रहा है। औद्योगिक क्षेत्र फेज 1, 11 में सड़कों की मरम्मत का कार्य 16.80 करोड रुपए की लागत से किया जा रहा है।

बैठक में आयुक्त एवं सचिव यूएलबी श्री अशोक मीणा, एचएसवीपी के प्रशासक एवं मुख्यमंत्री के उपप्रधान सचिव श्री अजय कुमार, ओएसडी श्री पंकज नैन, उपायुक्त पंचकूला श्री सतपाल शर्मा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी एवं पीएमडीए के अधिकारी मौजूद रहे।

क्रमांक 2026

कैबिनेट मंत्री श्रुति चौधरी ने की रोहतक जिला लोक संपर्क एवं परिवेदना समिति की बैठक की अध्यक्षता

 

अधिकारी टीम भावना के साथ कार्य करते हुए जन शिकायतों का प्राथमिकता से करें समाधान : श्रुति चौधरी

 

पीजीआई के चिकित्सकों की कथित लापरवाही की शिकायत की जांच के लिए समिति गठित

 

चंडीगढ़, 30 सितंबर-हरियाणा की महिला एवं बाल विकास तथा सिंचाई एवं जल संसाधन मंत्री सुश्री श्रुति चौधरी ने आज रोहतक में जिला लोक संपर्क एवं परिवेदना समिति की मासिक बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विभागाध्यक्ष बैठक में गंभीरता से भाग लें और टीम भावना के साथ कार्य करते हुए जन शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने नागरिकों से भी आपसी विवादों का भाईचारे एवं आपसी सहमति से समाधान करने का आह्वान किया।

बैठक में एजेंडे में शामिल सभी 12 शिकायतों की सुनवाई की गई तथा अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही समाधान किया गया। शेष मामलों की जांच के लिए संबंधित अधिकारियों की अध्यक्षता में समितियां गठित की गईं।

महम के वार्ड-9 निवासी रतनलाल द्वारा पीजीआई के चिकित्सकों की कथित लापरवाही से संबंधित शिकायत की सुनवाई करते हुए सुश्री श्रुति चौधरी ने मामले की विस्तृत जांच के निर्देश दिए तथा अतिरिक्त उपायुक्त सहित संबंधित अधिकारियों की समिति गठित कर जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा। खिड़वाली निवासी राजकुमार की शिकायत पर उन्होंने पुलिस अधीक्षक को धोखाधड़ी के आरोपी को विदेश से वापस लाने के लिए विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए। बिल्लो पत्नी जयपाल तथा कलानौर निवासियों की शिकायतों पर भी जांच समितियां गठित करने के निर्देश दिए गए।

फरमाणा बादशाहपुर के आपसी विवाद से संबंधित शिकायत पर मंत्री ने दोनों पक्षों से भाईचारे के साथ विवाद का समाधान करने का आह्वान किया। दोनों पक्षों को एक अक्तूबर को उपायुक्त के समक्ष अपना पक्ष रखने के लिए बुलाया गया है। रिठाल फौगाट के ग्रामीणों की शिकायत पर उन्होंने संबंधित विभाग को ग्रामीणों के सहयोग से समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए। ग्राम पंचायत बलंभ की शिकायत पर लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को राजकीय उच्च विद्यालय के नए भवन के निर्माण की प्रक्रिया शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए।

बैठक में अन्य शिकायतों पर भी सुनवाई करते हुए संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। उपायुक्त सतबीर सिंह ने कहा कि रिठाल फौगाट के किसानों की समस्या के समाधान के लिए प्रशासन के उच्चाधिकारी जल्द गांव का दौरा कर माइक्रो एसटीपी स्थापित करने की संभावनाओं का जायजा लेंगे तथा किसानों की समस्या का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा।

बैठक में उपायुक्त सतबीर सिंह, नगर निगम आयुक्त सतेंद्र दूहन, पुलिस अधीक्षक गौरव राजपुरोहित, अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार सहित जिला प्रशासन एवं विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, समिति के मनोनीत सदस्य तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

क्रमांक 2026

*हरियाणा के पात्र पेंशनरों को कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा का लाभ प्रदान करने के लिए ट्रेजरी स्तर पर चलाया जाएगा विशेष अभियान*

 

*पेंशनरों को CCHF कार्ड बनवाने में मिलेगी सहायता, ट्रेजरी अधिकारियों को दिए निर्देश*

चंडीगढ़, 30 सितंबर — हरियाणा सरकार ने राज्य के पात्र सरकारी पेंशनरों एवं पारिवारिक पेंशनरों को कॉम्प्रिहेंसिव कैशलेस हेल्थ फैसिलिटी (CCHF) योजना का लाभ सुनिश्चित करने के लिए सभी ट्रेजरी अधिकारियों और सहायक ट्रेजरी अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

सरकार द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार, ट्रेजरी एवं सब-ट्रेजरी कार्यालयों में आने वाले पात्र पेंशनरों एवं पारिवारिक पेंशनरों को CCHF योजना और इसके लाभों के बारे में जानकारी दी जाएगी। साथ ही, उन्हें योजना के तहत नामांकन/पंजीकरण की निर्धारित प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों एवं विवरण तथा आयुष्मान भारत पोर्टल से CCHF कार्ड प्राप्त करने की प्रक्रिया के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन दिया जाएगा।

सरकार ने विशेष रूप से बुजुर्ग एवं जरूरतमंद पेंशनरों तथा पारिवारिक पेंशनरों को योजना का लाभ लेने में आवश्यक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। इसके अतिरिक्त, पात्र पेंशनरों एवं पारिवारिक पेंशनरों की सुविधा के लिए ट्रेजरी एवं सब-ट्रेजरी स्तर पर विशेष अभियान आयोजित किए जाने के भी निर्देश दिए गए हैं, ताकि उन्हें CCHF कार्ड बनवाने में आवश्यक सहयोग मिल सके।

क्रमांक — 2026

सिंचाई मंत्री श्रुति चौधरी ने रोहतक में दी करीब 52 करोड़ रुपये की 26 परियोजनाओं की सौगात

20 परियोजनाओं का किया लोकार्पण, छह की आधारशिला

जलभराव वाले क्षेत्रों से पानी की निकासी और बाढ़ सुरक्षा पर विशेष जोर

चंडीगढ़, 30 सितंबर-हरियाणा की सिंचाई एवं जल संसाधन तथा महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती श्रुति चौधरी ने आज रोहतक जिले में सिंचाई, जल निकासी और बाढ़ सुरक्षा से जुड़ी करीब 52 करोड़ रुपये की 26 परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें करीब 32.33 करोड़ रुपये की 20 परियोजनाओं का लोकार्पण तथा 19.65 करोड़ रुपये की छह परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है। इनमंे रोहतक क्षेत्र में करीब 17.35 करोड़ रुपये तथा महम क्षेत्र में करीब 34.64 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाएं हैं।

श्रीमती श्रुति चौधरी ने कहा कि राज्य सरकार का विशेष ध्यान ऐसे क्षेत्रों में जल निकासी व्यवस्था को मजबूत करने पर है, जहां बारिश के दौरान जलभराव और बाढ़ की स्थिति उत्पन्न होती है। उन्होंने कहा कि आज शुरू की गई परियोजनाओं से निचले क्षेत्रों से पानी की तेजी से निकासी होगी, गांवों एवं आबादी को जलभराव से राहत मिलेगी तथा नहरों और ड्रेनेज सिस्टम की कार्यक्षमता में सुधार होगा।

मंत्री ने गढ़ी सांपला-किलोई विधानसभा क्षेत्र में रोहतक जल सेवाएं मंडल की करीब 5.02 करोड़ रुपये से अधिक की चार परियोजनाओं का लोकार्पण किया। इनमें जसिया में सरकारी कॉलेज से काहनी लिंक ड्रेन तक आरसीसी ट्रफ, आसन में जलभराव की निकासी के लिए भूमिगत आरसीसी पाइपलाइन एवं पंप हाउस तथा लाढ़ौत और कंसाला में जल निकासी पाइपलाइन के कार्य शामिल हैं।

उन्होंने रोहतक वाटर सर्विसेज मैकेनिकल डिवीजन के तहत करीब 3.12 करोड़ रुपये के चार पंपिंग कार्यों का भी उद्घाटन किया। इन कार्यों के माध्यम से पाकस्मा, सांपला-चुलियाना, भालौठ, किलोई, आसन, धामड़ तथा खरावड़ क्षेत्र में पंप, मोटर और पैनल संबंधी कार्यों को मजबूत किया गया है।

श्रीमती श्रुति चौधरी ने करीब 4.60 करोड़ रुपये की दो नहरी परियोजनाओं की आधारशिला भी रखी। इनमें बीसी पाल माइनर का पुनर्वास तथा 1-आर न्यू मोखरा माइनर की रीमॉडलिंग शामिल है। इसके अलावा काहनी लिंक ड्रेन और ड्रेन नंबर-8 पर वीआर पुलों के पुनर्निर्माण से संबंधित कार्य भी किए जाएंगे।

महम क्षेत्र में करीब 17.89 करोड़ रुपये की सात परियोजनाओं में भैणी सुरजन, भैणी चंद्रपाल और समैण के निचले क्षेत्रों से पानी निकालने के लिए भूमिगत आरसीसी पाइपलाइन बिछाने का कार्य प्रमुख है। इस परियोजना पर करीब 9.10 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

समैण में 10 सबमर्सिबल पंपों के जरिए सौर ऊर्जा आधारित वर्टिकल ड्रेनेज पर 57.46 लाख, भैणी मातो में जल निकासी पाइपलाइन पर 1.46 करोड़, मोखरा खेड़ी की आबादी को बचाने के लिए मदीना लिंक ड्रेन पर आरसीसी सुरक्षा दीवार पर 1.96 करोड़ और महम ड्रेन पर रिटेनिंग वॉल के लिए करीब 3.68 करोड़ रुपये की परियोजनाएं भी शामिल हैं।

श्रीमती श्रुति चौधरी ने महम क्षेत्र में बाढ़ सुरक्षा के लिए 6.30 करोड़ के पांच पंपिंग कार्यों का भी लोकार्पण किया। इनमें सेमन, भैणी सुरजन, बहलबा और भैणी भैरो में नए पंप लगाने और मौजूदा पंपिंग व्यवस्था को मजबूत करने के काम शामिल हैं। भैणी भैरो की परियोजना पर अकेले 2.40 करोड़ खर्च किए गए हैं।

इसके अलावा उन्होंने महम में 10.45 करोड़ की दो परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इनमें 6.67 करोड़ से कथूरा माइनर की रीमॉडलिंग तथा विभिन्न स्थायी पंप हाउसों में पंप और मोटर लगाने के लिए करीब 3.78 करोड़ की परियोजना शामिल है।

 क्रमांक — 2026

*”किसान हमारी आन, बान, शान, मान और सम्मान हैं, जीरी की फसल लाए किसानों को मंडी में नहीं आने देंगे दिक्कत” : ऊर्जा मंत्री अनिल विज*

 

 

*ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने 17 प्रतिशत से कम नमी वाली जीरी की फसल खरीद तुरंत उठान के निर्देश दिए*

 

 

*किसानों को अनाज मंडी में रात को भी उपलब्ध होगा भोजन : अनिल विज*

 

 

*”नई अनाज मंडी के नाम पर अम्बाला छावनी को केवल पत्थर नसीब हुए, मंत्री बनते ही सबसे पहले अनाज मंडी बनवाई” — ऊर्जा मंत्री अनिल विज*

 

 

*शहीद स्मारक में 1857 के संघर्ष का इतिहास 21 गैलरियों वाले भव्य स्मारक में दिखेगा : अनिल विज*

 

 

*ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने अम्बाला छावनी अनाज मंडी में जीरी फसल खरीद का जायजा लिया*

चण्डीगढ, 30 सितम्बर – हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री श्री अनिल विज ने कहा कि किसान हमारी आन, बान, शान, मान और सम्मान है और हम इन्हें कोई दिक्कत नहीं आने देंगे। मंडी में जीरी की फसल लेकर आए किसानों को कोई दिक्कत न आए प्रशासन यह सुनिश्चित करे। उन्होंने अम्बाला छावनी में मंडी में पड़ी जीरी की नमी को जांचा 17 प्रतिशत से कम नमी वाली जीरी की खरीद कर उसका उठान तुरंत करने के दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जितनी भी जीरी आएगी हम त्वरित कार्रवाई कर उठान करेंगे ताकि मंडी में जगह भी खाली होती रहे और नये जो किसान आएंगे उनको अपना अनाज डालने की जगह मिले।

श्री विज आज अम्बाला छावनी में जीटी रोड पर नई अनाज मंडी में जीरी खरीद कार्य और किसानों के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लेने के उपरांत आयोजित कार्यक्रम में किसानों, आढ़तियों व उपस्थित लोगों को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान  इस दौरान डीसी अम्बाला सचिन गुप्ता, एसडीएम कनिका गोयल, मार्केट कमेटी चेयरमैन बलविंद्र सिंह, वाइस चेयरमैन सुरेंद्र बिंद्रा, नप अध्यक्ष स्वर्ण कौर व अन्य मौजूद रहे।

ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ अंबाला छावनी की अनाज मंडी का दौरा किया और जीरी की फसल के खरीद के सारे इंतजामों की पुख्ता जानकारी ली। पत्रकारों से बातचीत के दौरान मंत्री अनिल विज ने कहा की जीरी की फसल की खरीद बीते रोज ही शुरू हो चुकी है। मंडी में फसल सुखाई जा रही है और 17 प्रतिशत से नीचे नमी वाली फसल को हम खरीद रहे हैं,  उन्होंने खुद कुछ जीरी की ढेरियों पर जाकर नमी को चेक किया है।

ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने  कहा कि अम्बाला छावनी की अनाज मंडी उन्होंने नई बनाकर दी है, इसमें किसानों की हर सुविधा का ध्यान रखा है और इसीलिए यहां पर किसानों के लिए एक कार्यालय, उनके सोने के लिए एक बेहतरीन रेस्ट हाउस, उनके खाने-पीने के लिए कैंटीन भी खोली गई है, कैंटीन पहले दोपहर तक चलती थी मगर अब रात को भी खाना देने के की सुविधा है ताकि जो किसान अपनी फसल लेकर मंडी में आए उन्हें रात का खाना भी मिल सके। उन्होंने कहा कि मेरे साथ डीसी अम्बाला भी है जिन्हें कहा गया है कि मंडी में आने वाली फसल का तुरंत उठान हो ताकि आगे आने वाली फसल को रखने की जगह मिल सके।

*”नई अनाज मंडी के नाम पर अम्बाला छावनी को केवल पत्थर नसीब हुए, काम हमारी सरकार में हुआ” — ऊर्जा मंत्री अनिल विज*

वहीं, मंडी परिसर में आयोजित कार्यक्रम में किसानों, आढ़तियों व अन्य को संबोधित करते हुए ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने कहा कि मेरा जन्म इसी शहर में हुआ है। शहर को मैने सांसें लेते देखा है, यह शहर 1835-36 में अंग्रेजो ने बसाया था और यहां पर सभी प्रकार के कारोबार के लिए स्थान बनाए गए थे परंतु मंडी के लिए कोई स्थान नहीं था, मात्र अम्बाला छावनी का एक छोटा सा चौक था जहां न तो वहां पर ट्राली जाती थी और न ही फसलों को सुखाने के लिए कोई जगह थी और न फसलों को खरीदने-बेचने के लिए कोई उचित तरीका था। कोई वीआईपी अम्बाला आता था तो लोगों की सबसे पहली मांग अनाज मंडी बनाने की होती थी। मगर हमें केवल आश्वासन ही मिलते रहे। तीन मुख्यमंत्रियों ने मंडी बनाने के पत्थर लगाए मगर मंडी आज तक नहीं बनी। अम्बाला छावनी को केवल पत्थर ही नसीब हुए, काम नसीब नहीं हुआ। काम होने शुरू हुए जब हमारी सरकार आई।

*नई अनाज मंडी में अब एक दिन में इतना अनाज आ रहा है जितना पुरानी अनाज मंडी में महज एक महीने में आता था*

उन्होंने कहा कि 2014 में जब हमारी सरकार आई तो सबसे पहला काम जो मैने किया वह अम्बाला छावनी में अनाज मंडी बनाकर दी। उन्होंने बताया कि अनाज मंडी यहां बनने से एक विपक्ष के व्यक्ति जोकि एक आढ़ती था उसने भी इसकी प्रशंसा करते हुए मुझसे कहा था कि अनाज मंडी यहां शिफ्ट होने से नई अनाज मंडी में अब एक दिन में इतना अनाज आ रहा है जितना पुरानी अनाज मंडी में महज एक महीने में आता था। अनाज मंडी यहां आने से हमारी जिंदगी बन गई।

*शहीद स्मारक में 1857 के संघर्ष का इतिहास 21 गैलरियों वाले भव्य स्मारक में दिखेगा : अनिल विज*

ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने इस अवसर पर यह भी कहा कि यहां पर नजदीक हाईवे पर आजादी की पहली लड़ाई का भव्य शहीदी स्मारक बनाने का काम किया गया है। यह स्मारक बनकर तैयार हो चुका है, जल्द ही इसका उदघाटन करवाया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि किताबों में हमें यही पढ़ाया गया कि आजादी की लड़ाई कांग्रेस ने लड़ी, मगर कांग्रेस का जन्म 1885 में हुआ जिसे एक अंग्रेज एओ ह्यूम ने बनाया था, उसी ने अंग्रेजी शब्द कांग्रेस नाम से पार्टी बनाई और कांग्रेस अंग्रेजी का शब्द है। उन्होंने कहा कि हिंदी का शब्द भारतीय जनता पार्टी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के जन्म से 28 वर्ष पहले भी देश की आजादी के लिए 1857 में सशस्त्र लड़ी गई थी और हजारों लोग गोलियों से मारे गए व हजारों को कारावास दिया गया। उन्होंने जब खोज की तो पता चला कि 1857 में आजादी की लड़ाई की शुरूआत अम्बाला छावनी से हुई थी, यानि मेरठ से 9 घंटे पहले यहां सशस्त्र संघर्ष शुरू हो चुका था। इसीलिए वह लंबे समय से यहां स्मारक बनाने की मांग कर रहे थे। वह सात बार विधायक रहे हैं, चाहे व सत्ता में या विपक्ष में रहे वह बोलने से कभी नहीं चूके। उन्होंने यहां शहीद स्मारक बनाने की मांग को लगातार उठाया। हिंदुस्तान को आजाद कराने के लिए किसी ने एक कदम भी बाहर निकाला तो वह उसके चरण छूना चाहते हैं। 1857 के शहीदों को कभी श्रद्धांजलियां नहीं दी गई न उन्हें याद किया गया। इसलिए उन शहीदों को श्रद्धासुमन भेंट करने के लिए आज शहीदों की याद में 800 करोड़ रुपए की लागत से शहीदी स्मारक बनकर तैयार है। हमारे पास 1857 के पुख्ता दस्तावेज है कि कैसे-कैसे और कहां-कहां उस समय संघर्ष हुआ। अंग्रेज अफसर द्वारा लिखे एक दस्तावेज से भी स्पष्ट होता है कि मेरठ से नौ घंटे पहले अम्बाला में संघर्ष शुरू हुआ।  स्मारक में हमने 21 गैलरियां बनाई और देश में जहां-जहां 1857 में संघर्ष हुआ वह बेहद आकर्षक तरीके से यहां प्रदर्शित किया जाएगा। इसी के साथ साइंस म्यूजियम भी जल्द बनकर तैयार हो रहा है।

*सत्ता हमारे लिए सुख भोगने का साधन नहीं, बल्कि सेवा करने का साधन है – विज*

ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने कहा कि 1952 से मेरे मंत्री बनने के पहले तक जितने भी विधायक और सांसद रहे, उन सभी के विकास कार्यों को जोड़ लिया जाए तो मेरे द्वारा कराए गए विकास कार्यों के आगे वो एक प्रतिशत भी नहीं होंगे। ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जी सरकार की कृपा है, हमारी पार्टी  का संदेश एवं भारतीय जनता पार्टी की संस्कृति है कि सत्ता हमारे लिए सुख भोगने का साधन नहीं, बल्कि सेवा करने का साधन है। उन्होंने कहा मैनें दिन रात एक कर अम्बाला छावनी को जरूरत थी, सब डिवीजन बना दिया, सुभाष पार्क बना दिया व अन्य कई विकास कार्य करवाए जिसकी अम्बाला छावनी को मांग थी “मैने सूद समेत सरकारों से छीन-छीनकर यहां लाकर बना दिए हैं”।

*ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने दिया चैलेंज, कहा “मेरे द्वारा किए विकास कार्य गिनवा दें तो मैं उसे 31 हजार रूपए का ईनाम दूंगा”*

इस दौरान ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने चैलेंज देते हुए कहा कि कोई यहां आकर मेरे द्वारा किए विकास कार्य गिनवा दें तो मैं उसे 31 हजार रूपए का ईनाम दूंगा। उन्होंने यह भी कहा कि मेरे द्वारा कराए गए काम जींवत हैं वो खुद बोलते हैं अपनी कहानी कि यह किसने बनाकर दिए। नामूमकिन कामों को मैनें मुमकिन करके दिखाया है जो हो सकता और यह सब आप लोगों द्वारा दी गई ताकत व विश्वास से है।

इस मौके पर मंडी एसोसिएशन के संयुक्त सचिव सुशील गोयल ने मुख्य अतिथि को शाल व पर्यावरण का प्रतीक भेंट कर उनका अभिनंदन भी किया।

क्रमांक — 2026

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments