Homepunjabयोग से तन के साथ मन भी रहता है स्वस्थ, भारतीय संस्कृति...

योग से तन के साथ मन भी रहता है स्वस्थ, भारतीय संस्कृति से जुड़ने का दिया संदेश

 

योग से तन के साथ मन भी रहता है स्वस्थ, भारतीय संस्कृति से जुड़ने का दिया संदेश

अग्रवाल वैश्य समाज महिला इकाई की नियमित योग कक्षा में योग गुरु डॉ. मुकेश अग्रवाल ने दिए स्वास्थ्यवर्धक टिप्स

पंचकूला :  अग्रवाल वैश्य समाज की महिला इकाई, जिला पंचकूला की ओर से प्रतिदिन आयोजित की जा रही नियमित योग कक्षा में विशेष योग प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष प्रो. डॉ. साधना अग्रवाल के विशेष प्रयासों से योग गुरु डॉ. मुकेश अग्रवाल को योग प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन के लिए आमंत्रित किया गया।
योग गुरु डॉ. मुकेश अग्रवाल ने उपस्थित महिलाओं को योग के विभिन्न आसनों एवं प्राणायाम का अभ्यास करवाया तथा योग के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जीवनशैली में योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य के लिए ही नहीं, बल्कि मानसिक शांति और सकारात्मक सोच के लिए भी बेहद जरूरी है। नियमित योग करने से शरीर में ऊर्जा का संचार होता है और व्यक्ति अपने दैनिक जीवन में अधिक सक्रिय एवं स्वस्थ रह सकता है।
उन्होंने महिलाओं को योग को अपनी दिनचर्या का नियमित हिस्सा बनाने की सलाह देते हुए कई महत्वपूर्ण स्वास्थ्य संबंधी टिप्स भी दिए। उन्होंने कहा कि योग के साथ सही खान-पान, पर्याप्त नींद और सकारात्मक सोच को अपनाकर स्वस्थ जीवनशैली को मजबूत बनाया जा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान अग्रवाल वैश्य समाज की महिला सदस्यों ने योग गुरु डॉ. मुकेश अग्रवाल का सम्मान किया और उन्हें योग प्रशिक्षण एवं बहुमूल्य मार्गदर्शन देने के लिए धन्यवाद दिया।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष प्रो. डॉ. साधना अग्रवाल ने कहा कि महिला परिवार की आधारशिला होती है। यदि महिला स्वस्थ और जागरूक रहेगी तो पूरा परिवार स्वस्थ जीवनशैली की ओर आगे बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि समाज की महिलाओं को नियमित रूप से योग के लिए प्रेरित किया जा रहा है, ताकि वे अपने तन के साथ-साथ मन को भी स्वस्थ और सुंदर बना सकें।
कार्यक्रम को सफल बनाने में महासचिव अंजना अग्रवाल, कोषाध्यक्ष आरती कंसल, वाइस प्रेसिडेंट नीरू गोयल तथा जॉइंट सेक्रेटरी संतोष जी का विशेष सहयोग रहा।
अग्रवाल वैश्य समाज की महिलाओं ने कहा कि प्रत्येक महिला को प्रतिदिन योग के लिए कुछ समय अवश्य निकालना चाहिए। योग को अपनी दिनचर्या में शामिल कर महिलाएं स्वयं को स्वस्थ, ऊर्जावान और तनावमुक्त रख सकती हैं। साथ ही योग भारतीय संस्कृति की प्राचीन एवं समृद्ध परंपरा से जुड़ने का भी माध्यम है।
महिलाओं ने सामूहिक रूप से संदेश दिया कि “प्रतिदिन योग करें, तन को स्वस्थ और मन को प्रसन्न रखें तथा भारतीय संस्कृति से जुड़कर निरोगी जीवन की ओर कदम बढ़ाएं।”

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments