नीट पेपर लीक ने लाखों छात्रों के सपने तोड़े, यह केंद्र की नाकामी और छात्रों के साथ धोखा: मुख्यमंत्री भगवंत मान
By Priyanka Thakur
नई दिल्ली: पंजाब के मुख्यमंत्री Bhagwant Mann भगवंत सिंह मान ने बुधवार को नीट पेपर लीक मामले को लेकर भाजपा नेतृत्व वाली केंद्र सरकार पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि इस घटना ने लाखों छात्रों के सपनों को तोड़ दिया है और यह केंद्र सरकार की परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी एवं निष्पक्ष बनाए रखने में पूरी तरह विफलता को दर्शाता है।
मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि लाखों छात्रों ने दिन-रात मेहनत कर नीट परीक्षा की तैयारी की थी, लेकिन पेपर लीक ने उनके भविष्य और उम्मीदों पर गहरा आघात पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि यह छात्रों के करियर के साथ सीधा धोखा है।
मुख्यमंत्री ने कहा, “छात्र और उनके परिवार गहरे सदमे में हैं क्योंकि केंद्र सरकार इस घोटाले को रोकने में पूरी तरह विफल रही। लाखों विद्यार्थियों की उम्मीदें इस पेपर लीक के कारण टूट गई हैं। केंद्र सरकार को परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से करवाना चाहिए था, जिससे छात्रों का भविष्य सुरक्षित रह सके।”
इस दौरान मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मशहूर पंजाबी गायक Diljit Dosanjh दिलजीत दोसांझ से जुड़े मुद्दे पर भी भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि जब दिलजीत दोसांझ ने भाजपा के राजनीति में आने के प्रस्ताव को ठुकरा दिया, तो उनके खिलाफ डराने और दबाव बनाने की राजनीति शुरू कर दी गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि तमिलनाडु में अभिनेता विजय की राजनीतिक सफलता के बाद भाजपा को यह एहसास हुआ कि कलाकारों का जनता के बीच व्यापक प्रभाव होता है, इसलिए पार्टी ने दिलजीत दोसांझ को राजनीति में लाने की कोशिश की। उन्होंने कहा, “जब दिलजीत ने भाजपा का प्रस्ताव ठुकरा दिया, तो उनके खिलाफ डराने की राजनीति शुरू हो गई। उनके मैनेजर के घर पर हमला इसी राजनीति का हिस्सा है।”
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि आगामी पंजाब चुनावों में आम आदमी पार्टी “रंगला पंजाब” और विकास आधारित राजनीति को अपना मुख्य चुनावी मुद्दा बनाएगी। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा चलाई जा रही जनहित योजनाओं का लाभ आम लोगों तक पहुंच रहा है।
उन्होंने कहा कि राज्य में लगभग 90 प्रतिशत परिवारों को मुफ्त बिजली दी जा रही है, जबकि लोगों को 10 लाख रुपये तक का कैशलैस स्वास्थ्य उपचार भी उपलब्ध कराया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब के छात्र नीट और जेईई जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं में शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं और राज्य सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य एवं पारदर्शी शासन को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है।
मुख्यमंत्री ने भरोसा जताते हुए कहा, “हम विकास, जनकल्याण और ईमानदार सरकार के एजेंडे के साथ जनता के बीच जाएंगे। पंजाब तेजी से तरक्की कर रहा है और लोग इन पहलों का पूरा समर्थन कर रहे हैं। हमें विश्वास है कि जनता एक बार फिर भारी बहुमत से सरकार बनाएगी।”


