By Priyanka Thakur
चंडीगढ़, 16 मई:
हरियाणा के मुख्यमंत्री Nayab Singh Saini ने शनिवार को यमुनानगर में दो दिवसीय प्रशिक्षण महाअभियान-2026 का शुभारंभ किया। इससे पहले उन्होंने सरस्वती उद्गम स्थल आदिबद्री नारायण मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की खुशहाली और तरक्की की कामना की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने हरियाणा सरकार के विकास कार्यों पर आधारित प्रदर्शनी का उद्घाटन भी किया।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं, किसानों, युवाओं और गरीब वर्ग के उत्थान के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना के तहत महिलाओं को आर्थिक सहायता दी जा रही है। अब तक करीब 9 लाख 76 हजार महिलाओं को 1 हजार 415 करोड़ रुपये की राशि दी जा चुकी है। इसके अलावा गरीब परिवारों को 500 रुपये में गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है, जिसके तहत 14 लाख से अधिक लाभार्थियों के खातों में 243 करोड़ रुपये डाले जा चुके हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसान हित सरकार की नीतियों के केंद्र में है। उन्होंने बताया कि राज्य में किसानों की सभी 24 फसलों की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य पर की जा रही है। अब तक 12 लाख किसानों के खातों में 1 लाख 80 हजार करोड़ रुपये की राशि ट्रांसफर की जा चुकी है।
उन्होंने बताया कि फसल खराब होने पर किसानों को पिछले 11 वर्षों में मुआवजे और प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत 16 हजार 160 करोड़ रुपये की सहायता दी गई है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत लगभग 20 लाख किसानों को 7 हजार 562 करोड़ रुपये की राशि जारी की जा चुकी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पराली प्रबंधन के लिए किसानों को 50 प्रतिशत सब्सिडी पर मशीनें दी जा रही हैं। वर्ष 2018-19 से अब तक 1 लाख 10 हजार से अधिक मशीनें किसानों को उपलब्ध कराई गई हैं।
नायब सिंह सैनी ने कहा कि सरकार ने जमीन और संपत्तियों की पेपरलेस रजिस्ट्री प्रक्रिया शुरू कर दी है, जिससे पूरी व्यवस्था डिजिटल हो गई है। उन्होंने पिछड़ा वर्ग की क्रीमी लेयर सीमा 6 लाख से बढ़ाकर 8 लाख रुपये करने और पंचायती राज संस्थाओं में पिछड़ा वर्ग-बी को आरक्षण देने का भी जिक्र किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हैप्पी हरियाणा योजना के तहत 18 लाख से अधिक परिवारों को हैप्पी कार्ड जारी किए गए हैं, जिनके जरिए वे हर साल 1000 किलोमीटर तक मुफ्त बस यात्रा कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत 54 हजार से अधिक घरों पर सोलर रूफटॉप लगाए जा चुके हैं। वहीं, म्हारा गांव-जगमग गांव योजना के तहत 6 हजार से अधिक गांवों में 24 घंटे बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की गई है।
रोजगार के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले एक साल में 36 हजार युवाओं को बिना पर्ची और बिना खर्ची के सरकारी नौकरियां दी गई हैं। साथ ही हरियाणा कौशल रोजगार निगम के माध्यम से 1 लाख 18 हजार युवाओं को रोजगार सुरक्षा प्रदान की गई है।
इस अवसर पर कई भाजपा नेता, जनप्रतिनिधि और गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।


