पंजाब में सीमा पार ड्रग तस्करी मॉड्यूल का भंडाफोड़, 28 किलो हेरोइन समेत 4 आरोपी गिरफ्तार
By Priyanka Thakur
चंडीगढ़/फिरोजपुर: Punjab Police को नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता मिली है। काउंटर इंटेलिजेंस (सीआई) फिरोजपुर ने सीमा पार से संचालित एक बड़े ड्रग तस्करी मॉड्यूल का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 28.12 किलोग्राम हेरोइन और 9.5 लाख रुपये की ड्रग मनी बरामद की है।
पंजाब के डीजीपी Gaurav Yadav ने जानकारी देते हुए बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बगीचा सिंह, भूपिंदर सिंह निवासी गांव बोगी वाला, गुरु हर सहाय; साजन निवासी गांव अराइयां वाला और छिंदरपाल सिंह उर्फ रिंकू निवासी लखा सिंह वाला, फिरोजपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों की हुंडई क्रेटा कार भी जब्त कर ली है, जिसका इस्तेमाल नशा तस्करी में किया जा रहा था।
डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी सीमा पार बैठे विदेशी तस्करों और हैंडलरों के संपर्क में थे। इन आरोपियों को भारतीय क्षेत्र में नशीले पदार्थों की खेप प्राप्त कर उसे आगे सप्लाई करने की जिम्मेदारी दी गई थी।
उन्होंने कहा कि पुलिस पूरे नेटवर्क के आगे और पीछे के लिंक खंगाल रही है ताकि सीमा पार से संचालित पूरे ड्रग तस्करी गिरोह का सफाया किया जा सके।
एआईजी काउंटर इंटेलिजेंस फिरोजपुर गुरसेवक सिंह ने बताया कि पुलिस को विश्वसनीय सूचना मिली थी कि आरोपी कुछ दिन पहले सीमा पार से हेरोइन की खेप लेकर आए हैं और उसे आगे सप्लाई करने की तैयारी में हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने गुरु हर सहाय क्षेत्र में विशेष नाकाबंदी कर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस टीम ने आरोपियों के कब्जे से 28.12 किलोग्राम हेरोइन और 9.5 लाख रुपये की ड्रग मनी बरामद की। एआईजी ने बताया कि आरोपियों को उनके विदेशी हैंडलरों द्वारा इस काम के बदले मोटी रकम देने का लालच दिया गया था।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले में आगे जांच जारी है और आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां तथा बड़ी बरामदगी होने की संभावना है।
इस संबंध में थाना एसएसओसी फाजिल्का में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21, 25 और 29 के तहत एफआईआर नंबर 13 दिनांक 23 मई 2026 को दर्ज कर ली गई है।


