Homeपंजाबधान खरीद को लेकर मान सरकार प्रतिबद्ध, रौड़ी ने गढ़शंकर मंडियों का...

धान खरीद को लेकर मान सरकार प्रतिबद्ध, रौड़ी ने गढ़शंकर मंडियों का लिया जायजा

किसानों की फसल का एक-एक दाना खरीदने के लिए मान सरकार प्रतिबद्ध: रौड़ी

चंडीगढ़/गढ़शंकर, 8 अक्टूबर: पंजाब विधानसभा के डिप्टी स्पीकर और गढ़शंकर से विधायक जय कृष्ण सिंह रौड़ी ने बुधवार को क्षेत्र की विभिन्न अनाज मंडियों का दौरा कर धान की खरीद और लिफ्टिंग व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने रोड़ मजारा, समुंदड़ा, पनामा, गढ़शंकर, मेगोवाल, माहिलपुर और मोरांवाली मंडियों में पहुंचकर किसानों, आढ़तियों और संबंधित अधिकारियों से बातचीत की।

डिप्टी स्पीकर ने मंडियों में धान की आवक, खरीद, लिफ्टिंग, बारदाने, भुगतान और किसानों के लिए उपलब्ध सुविधाओं के बारे में अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने मंडियों में फसल लेकर पहुंचे किसानों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याएं भी जानीं। रौड़ी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को फसल बेचने के दौरान किसी भी प्रकार की परेशानी न हो और खरीद प्रक्रिया में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।

रौड़ी ने कहा कि पंजाब सरकार किसानों की फसल का एक-एक दाना खरीदने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि धान खरीद के लिए मंडियों में आवश्यक प्रबंध किए गए हैं और किसानों की सुविधा को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने अधिकारियों और खरीद एजेंसियों के प्रतिनिधियों को खरीद के साथ-साथ लिफ्टिंग में तेजी लाने के निर्देश दिए, ताकि मंडियों में फसल का अनावश्यक भंडार न हो।

डिप्टी स्पीकर ने कहा कि किसान पंजाब की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और उनकी मेहनत से देश का अन्न भंडार भरता है। ऐसे में सरकार और प्रशासन की जिम्मेदारी है कि किसानों को अपनी फसल बेचने के लिए सुचारु व्यवस्था उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने मंडियों में स्वच्छ पेयजल, सफाई, रोशनी, बैठने और अन्य जरूरी सुविधाएं सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।

उन्होंने किसानों से अपील की कि वे निर्धारित मानकों के अनुसार सूखी फसल मंडियों में लेकर आएं, जिससे खरीद प्रक्रिया को तेजी से पूरा किया जा सके। रौड़ी ने अधिकारियों से कहा कि किसानों की शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर सुना जाए और मंडियों में सामने आने वाली समस्याओं का तत्काल समाधान किया जाए।

इस दौरान किसानों ने मंडी प्रबंधों को लेकर अपने सुझाव भी डिप्टी स्पीकर के साथ साझा किए। रौड़ी ने भरोसा दिलाया कि सरकार किसानों के हितों की रक्षा के लिए आवश्यक कदम उठा रही है और धान खरीद सीजन के दौरान किसानों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।

इस अवसर पर हलका संगठन प्रभारी चरनजीत सिंह चन्नी, मार्केट कमेटी चेयरमैन बलदीप सैणी, ब्लॉक प्रधान जगतार कितना, मार्केट कमेटी के अधिकारी, आढ़ती, किसान और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

News written by Priyanka Thakur

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments