40 हजार रुपये रिश्वत लेते उत्तरी रेलवे का वरिष्ठ सेक्शन इंजीनियर गिरफ्तार
चंडीगढ़, 8 अक्टूबर: पंजाब विजीलेंस ब्यूरो ने भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही मुहिम के तहत उत्तरी रेलवे में तैनात वरिष्ठ सेक्शन इंजीनियर पंकज भारद्वाज को 40,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी अधिकारी पर अदालत के आदेश के तहत रेलवे कर्मचारी के वेतन से राशि की कटौती करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है।
विजीलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता के अनुसार, आरोपी के खिलाफ यह कार्रवाई फिरोजपुर निवासी एक व्यक्ति की शिकायत के आधार पर की गई। शिकायतकर्ता ने अपने परिचित रेलवे कर्मचारी अमित कुमार को निजी जरूरत के लिए कुछ पैसे दिए थे। पैसे वापस नहीं मिलने पर शिकायतकर्ता ने फिरोजपुर की अदालत में सिविल मुकदमा दायर किया था।
मामले में अदालत ने रेलवे विभाग को आदेश दिया था कि अमित कुमार के वेतन का एक-तिहाई हिस्सा काटकर शिकायतकर्ता हरदीप सिंह को भुगतान किया जाए। आरोप है कि इसी अदालत के आदेश को लागू करने और वेतन से कटौती की प्रक्रिया के बदले वरिष्ठ सेक्शन इंजीनियर पंकज भारद्वाज ने शिकायतकर्ता से 40,000 रुपये रिश्वत की मांग की।
शिकायतकर्ता ने रिश्वत देने से इनकार करते हुए विजीलेंस ब्यूरो रेंज फिरोजपुर से संपर्क किया। शिकायत की जांच के बाद विजीलेंस टीम ने जाल बिछाया। कार्रवाई के दौरान आरोपी अधिकारी को दो सरकारी गवाहों की मौजूदगी में शिकायतकर्ता से 40,000 रुपये रिश्वत लेते हुए मौके पर गिरफ्तार कर लिया गया।
विजीलेंस ब्यूरो ने आरोपी पंकज भारद्वाज के खिलाफ थाना विजीलेंस ब्यूरो फिरोजपुर में भ्रष्टाचार निवारण कानून के तहत मामला दर्ज किया है। ब्यूरो के अनुसार मामले की आगे की जांच जारी है।
विजीलेंस ब्यूरो की इस कार्रवाई को राज्य में सरकारी कामकाज में रिश्वतखोरी के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत देखा जा रहा है। मामले में जांच के दौरान रिश्वत की मांग और कथित लेन-देन से जुड़े अन्य तथ्यों की भी पड़ताल की जाएगी।
News written by Priyanka Thakur


