पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों पर भाजपा सरकार पर बरसे कुलदीप धालीवाल
By Priyanka Thakur
अमृतसर/चंडीगढ़: Kuldeep Singh Dhaliwal ने पेट्रोल-डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों को लेकर केंद्र की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। आम आदमी पार्टी (आप) पंजाब के मुख्य प्रवक्ता और विधायक धालीवाल ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की नीतियां किसानों, पंजाब और आम जनता के खिलाफ हैं, जिसके कारण देश में महंगाई लगातार बढ़ रही है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कुलदीप सिंह धालीवाल ने कहा कि उन्होंने पहले ही पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर चेतावनी दी थी, जो अब सच साबित हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की अंतरराष्ट्रीय व्यापार नीतियां और बड़े कॉर्पोरेट घरानों को फायदा पहुंचाने वाले फैसले देश के लोगों के लिए महंगे फ्यूल का कारण बन रहे हैं।
धालीवाल ने कहा कि किसानों की फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) में मामूली बढ़ोतरी की गई है, जबकि डीजल की कीमतों में भारी इजाफा हुआ है। इससे खेती की लागत लगातार बढ़ती जा रही है। उन्होंने कहा कि महंगे डीजल का सीधा असर किसानों की जेब पर पड़ेगा और कृषि क्षेत्र पर आर्थिक दबाव और बढ़ेगा।
उन्होंने आशंका जताई कि पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों का असर केवल खेती तक सीमित नहीं रहेगा बल्कि सब्जियों, राशन, ट्रांसपोर्ट और रोजमर्रा की जरूरतों की कीमतों में भी बढ़ोतरी होगी। इसका सबसे ज्यादा असर आम और मध्यम वर्गीय परिवारों पर पड़ेगा, जो पहले से ही महंगाई से परेशान हैं।
भाजपा नेताओं पर निशाना साधते हुए धालीवाल ने कहा कि भाजपा नेता राज्यों में वैट कम करने की बात करते हैं, लेकिन यह नहीं बताते कि केंद्र सरकार ने पेट्रोल और डीजल पर कितना भारी टैक्स लगाया हुआ है। उन्होंने कहा कि तेल कंपनियों और केंद्र सरकार की नीतियों के कारण आम जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाला जा रहा है।
धालीवाल ने पंजाब के लोगों से भाजपा को वोट न देने की अपील करते हुए कहा कि भाजपा को वोट देने का मतलब महंगे पेट्रोल-डीजल और बढ़ती महंगाई का समर्थन करना है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी लगातार लोगों के मुद्दों को उठाती रहेगी और महंगाई के खिलाफ आवाज बुलंद करती रहेगी।


