नीट पेपर लीक पर केंद्र सरकार पर बरसे अरविंद केजरीवाल, बोले- देश को अब शिक्षित प्रधानमंत्री की जरूरत
By Priyanka Thakur
नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने नीट पेपर लीक मामले को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि सरकार पेपर लीक की असली वजह तलाशने के बजाय दिखावटी कदम उठा रही है।
वीडियो संदेश जारी करते हुए अरविंद केजरीवाल ने कहा कि देश को अब एक शिक्षित प्रधानमंत्री की जरूरत है। उन्होंने कहा कि सरकार यह कह रही है कि नीट परीक्षा के पेपर लीक रोकने के लिए एयरफोर्स के जहाज और बुलेट प्रूफ ट्रकों का इस्तेमाल किया जाएगा, लेकिन इससे पेपर लीक कैसे रुकेगा?
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दुनिया के कई देशों में बड़ी परीक्षाएं होती हैं, लेकिन कहीं भी इस तरह की व्यवस्था देखने को नहीं मिलती। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार केवल दिखावा कर रही है और शिक्षा व्यवस्था को सुधारने की उसकी कोई मंशा नहीं है।
उन्होंने कहा कि अगर सरकार गंभीर होती तो यह पता लगाती कि पेपर लीक आखिर कहां से हो रहा है और उस खामी को दूर करती। लेकिन मौजूदा व्यवस्था में शिक्षा तंत्र पूरी तरह माफिया के कब्जे में चला गया है।
केजरीवाल ने सोशल मीडिया पर चर्चित छात्र वेदांत के मामले का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि छात्र ने आरोप लगाया कि उसका फिजिक्स का पेपर बदल दिया गया और कम नंबर दिए गए। जब उसने सोशल मीडिया पर अपनी बात रखी तो ट्रोल आर्मी उसके पीछे पड़ गई।
उन्होंने कहा कि एक छोटे बच्चे पर इस तरह के हमलों का मानसिक असर बेहद गंभीर हो सकता है। यह पूरी कोशिश शिक्षा माफिया को बचाने की है। उन्होंने कहा कि अकेला छात्र अगर आवाज उठाएगा तो उसकी आवाज दबा दी जाएगी।
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि छात्रों और अभिभावकों को मिलकर इस व्यवस्था के खिलाफ आवाज उठानी होगी। जब पूरा समाज एकजुट होकर दबाव बनाएगा तभी सरकार को कार्रवाई करनी पड़ेगी। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ बच्चों की पढ़ाई का नहीं बल्कि देश के भविष्य का सवाल है।


