निर्जला एकादशी पर श्री अमर ज्योति सेवा दल ने लगाई छबील, राहगीरों की प्यास बुझाकर दिया मानव सेवा का संदेश
रिपोर्ट: प्रियंका ठाकुर
चंडीगढ़। निर्जला एकादशी के पावन अवसर पर चंडीगढ़ के सेक्टर-24 स्थित भगवान वाल्मीकि मंदिर के समीप श्री अमर ज्योति सेवा दल द्वारा छबील और भंडारे का आयोजन किया गया। भीषण गर्मी के बीच आयोजित इस सेवा कार्य में राहगीरों को ठंडा मीठा पानी पिलाकर मानवता और समाज सेवा का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने भाग लिया। इस अवसर पर चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता परवीन शर्मा टीटू ने छबील और भंडारे का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि ऐसे सेवा कार्य समाज में आपसी भाईचारे, प्रेम और मानवता की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने आयोजन समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि जरूरतमंदों की सेवा ही सच्चा धर्म है।
इस दौरान यूटी पुलिस के कांस्टेबल राजेश कुमार ने भी सेवा कार्य में सक्रिय भागीदारी निभाई और श्रद्धालुओं तथा राहगीरों को जल सेवा प्रदान की। कार्यक्रम में शामिल लोगों ने बढ़-चढ़कर सेवा में सहयोग दिया।
श्री अमर ज्योति सेवा दल के परम श्रद्धेय सतगुरु नवीन सरहदी ने कहा कि निष्काम समाज सेवा जीवन का सर्वोच्च सिद्धांत है। उन्होंने कहा कि बिना किसी स्वार्थ के मानवता की सेवा करना ही सच्ची भक्ति और ईश्वर की आराधना है। उन्होंने कहा कि समाज में जरूरतमंद लोगों की सहायता करना और मानव कल्याण के कार्यों में योगदान देना प्रत्येक व्यक्ति का कर्तव्य होना चाहिए।
सतगुरु नवीन सरहदी ने कहा कि निर्जला एकादशी केवल धार्मिक आस्था का पर्व नहीं है, बल्कि यह दया, करुणा और सेवा भाव का भी प्रतीक है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज को सकारात्मक दिशा देने के साथ-साथ लोगों को मानव सेवा के लिए प्रेरित करते हैं।
कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं को प्रसाद और भोजन भी वितरित किया गया। आयोजन स्थल पर लोगों ने सेवा कार्यों की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक पहल बताया। श्री अमर ज्योति सेवा दल की ओर से भविष्य में भी ऐसे जनकल्याणकारी और धार्मिक सेवा कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प व्यक्त किया गया।
निर्जला एकादशी के अवसर पर आयोजित यह छबील और भंडारा मानवता, सेवा और सामाजिक समरसता का एक सुंदर उदाहरण बनकर सामने आया।


