HomeपंजाबCM भगवंत मान ने फर्जी वीडियो साजिश का किया पर्दाफाश, मास्क के...

CM भगवंत मान ने फर्जी वीडियो साजिश का किया पर्दाफाश, मास्क के इस्तेमाल का दावा

फर्जी वीडियो मामले में मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान का बड़ा खुलासा, मास्क के जरिए रची गई साजिश का दावा

रिपोर्ट: प्रियंका ठाकुर

मोहाली, 25 जून। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने सोशल मीडिया पर वायरल हुई कथित फर्जी वीडियो को लेकर बड़ा खुलासा करते हुए दावा किया है कि यह पूरी तरह से एक सुनियोजित साजिश थी, जिसका उद्देश्य उनकी छवि को नुकसान पहुंचाना और जनता को गुमराह करना था। मुख्यमंत्री ने मीडिया के सामने कई वीडियो, तस्वीरें और अन्य सबूत पेश करते हुए कहा कि वीडियो में दिखाई देने वाला व्यक्ति वह नहीं हैं, बल्कि उनके चेहरे जैसा दिखने वाला एक विशेष मास्क पहनकर किसी अन्य व्यक्ति ने यह वीडियो बनाई थी।

मुख्यमंत्री ने दावा किया कि कनाडा में रहने वाला जगमन समरा इस पूरे मामले में शामिल है। उनके अनुसार, एक विशेष रूप से तैयार किया गया मास्क उसे कार में डिलीवर किया गया था, जिसके बाद उसने उस मास्क को हाथ में लेकर वीडियो और तस्वीरें भी रिकॉर्ड की थीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि बाद में इसी मास्क को किसी अन्य व्यक्ति को पहनाकर कथित फर्जी वीडियो तैयार की गई।

भगवंत सिंह मान ने कहा कि वह वर्ष 2016 के बाद कभी कनाडा नहीं गए हैं, जबकि विवादित वीडियो कनाडा के एबॉट्सफोर्ड स्थित एक होटल में शूट की गई बताई जा रही है। उन्होंने कहा कि वीडियो को ध्यान से देखने पर मास्क की रेखाएं स्पष्ट दिखाई देती हैं। इसके अलावा उनकी गर्दन और ठोड़ी पर मौजूद पुराने सर्जरी के निशान भी वीडियो में नहीं दिखाई देते, जिससे यह स्पष्ट होता है कि वीडियो में मौजूद व्यक्ति कोई और है।

मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि राजनीतिक विरोधी उन्हें धार्मिक आधार पर बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं क्योंकि वे राजनीतिक रूप से उनका मुकाबला करने में असफल रहे हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब में विकास कार्यों, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं को मिल रही जनता की सराहना से विपक्षी दल परेशान हैं और इसी वजह से इस प्रकार की साजिशें रची जा रही हैं।

उन्होंने कहा कि मामले की जांच जारी है और फर्जी वीडियो बनाने तथा फैलाने वालों की पहचान की जा चुकी है। जल्द ही इस पूरे नेटवर्क और इसके पीछे काम कर रहे लोगों का खुलासा किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि मामले से जुड़े सभी सबूत पुलिस और जांच एजेंसियों को सौंपे जाएंगे। साथ ही पूरे प्रकरण की जानकारी अकाल तख्त के समक्ष भी रखी जाएगी ताकि सच्चाई सामने आ सके।

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने पंजाब के लोगों से अपील की कि वे सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली अपुष्ट और भ्रामक सामग्री पर विश्वास न करें। उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता समझदार है और सच तथा झूठ के बीच अंतर करना अच्छी तरह जानती है। उन्होंने विश्वास जताया कि अंततः सच्चाई की जीत होगी और साजिश रचने वाले बेनकाब होंगे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments