फर्जी वीडियो और धार्मिक प्रचार से पंजाब की तरक्की नहीं रुकेगी, जनता करेगी फैसला: मुख्यमंत्री भगवंत मान
By Priyanka Thakur
बरनाला, 25 जून 2026: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कांग्रेस, भाजपा और शिरोमणि अकाली दल पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि तीनों पार्टियां पंजाब की अभूतपूर्व तरक्की और आम आदमी पार्टी सरकार को मिल रहे जनसमर्थन को पचा नहीं पा रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दल फर्जी वीडियो और धर्म के नाम पर झूठा प्रचार फैलाकर उन्हें बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन इससे पंजाब के विकास कार्य नहीं रुकेंगे।
बरनाला में आयोजित लोक मिलनी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार लगातार जनकल्याण और विकास के लिए ऐतिहासिक फैसले ले रही है। उन्होंने घोषणा की कि 1 जुलाई से ‘मावां धीआं सत्कार योजना’ के तहत महिलाओं को वित्तीय सहायता मिलनी शुरू हो जाएगी। इस योजना के तहत 18 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं को सीधे उनके बैंक खातों में राशि भेजी जाएगी। सामान्य वर्ग की महिलाओं को 1,000 रुपये और अनुसूचित जाति की महिलाओं को 1,500 रुपये प्रतिमाह दिए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य की लगभग 97 प्रतिशत महिलाएं इस योजना का लाभ प्राप्त करेंगी और इसके लिए बजट में 9,300 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। उन्होंने कहा कि यह सहायता महिलाओं के सम्मान, आत्मनिर्भरता और आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम है।
मुख्यमंत्री ने एक अन्य महत्वपूर्ण परियोजना का जिक्र करते हुए कहा कि पंजाब देश का पहला राज्य बन गया है जहां गांवों में हाई-टेंशन बिजली लाइनों को भूमिगत करने की परियोजना शुरू की गई है। उन्होंने कहा कि इससे बिजली के खंभों और तारों से होने वाले हादसों में कमी आएगी तथा किसानों और ग्रामीणों को राहत मिलेगी।
भगवंत मान ने कहा कि उनकी सरकार ने किसानों के लिए सिंचाई सुविधाओं को मजबूत करने हेतु 14,000 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन और वाटर कोर्स बिछाए हैं। इससे हजारों किसानों को लाभ मिला है और भूजल स्तर में भी सुधार हुआ है।
विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जब राजनीतिक रूप से उनका मुकाबला नहीं कर पाए तो उन्हें धार्मिक आधार पर बदनाम करने की कोशिश शुरू कर दी गई। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर प्रसारित किए जा रहे वीडियो पूरी तरह फर्जी और मनगढ़ंत हैं। जनता इन साजिशों को अच्छी तरह समझती है और अंतिम फैसला भी वही करेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस, भाजपा और अकाली दल केवल एक एजेंडे के तहत एकजुट हुए हैं—उन्हें बदनाम करना। लेकिन वह पंजाब, उसके लोगों और राज्य के हितों के लिए काम करना जारी रखेंगे। उन्होंने कहा कि विरोधी दल चाहे जितनी साजिशें रच लें, पंजाब की तरक्की और जनहित के कार्यों को नहीं रोक सकते।
स्वास्थ्य क्षेत्र में अपनी सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मुख्यमंत्री सेहत योजना’ के तहत पंजाब देश का पहला राज्य बना है, जहां प्रत्येक परिवार को 10 लाख रुपये तक के कैशलेस इलाज की सुविधा दी जा रही है। उन्होंने बताया कि अब तक लोग 650 करोड़ रुपये से अधिक का मुफ्त इलाज प्राप्त कर चुके हैं।


