Homeपंजाबअफगान नागरिक समेत 7 गिरफ्तार, 10 आधुनिक हथियार, 5 किलो हेरोइन और...

अफगान नागरिक समेत 7 गिरफ्तार, 10 आधुनिक हथियार, 5 किलो हेरोइन और 30 लाख हवाला राशि बरामद | 24 Ghante News

अफगान नागरिक समेत 7 गिरफ्तार, 10 आधुनिक हथियार, 5 किलो हेरोइन और 30 लाख रुपये की हवाला राशि बरामद

चंडीगढ़/अमृतसर, 26 जून:
पंजाब को अपराध और नशा मुक्त बनाने के अभियान के तहत अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। केंद्रीय एजेंसी के सहयोग से चलाए गए संयुक्त ऑपरेशन में पुलिस ने सीमा पार संचालित अवैध हथियार, नशा तस्करी और हवाला नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए एक अफगान नागरिक और एक नाबालिग समेत सात लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 10 आधुनिक हथियार, 5.048 किलोग्राम हेरोइन और 30.38 लाख रुपये की हवाला राशि बरामद की है।

पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी विदेशों में बैठे हैंडलरों के संपर्क में थे और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्मों के माध्यम से इस नेटवर्क का संचालन किया जा रहा था। आरोपी नशीले पदार्थों और अवैध हथियारों की खेप प्राप्त कर उन्हें आगे आपराधिक तत्वों तक पहुंचाते थे।

गिरफ्तार आरोपियों में जसप्रीत सिंह उर्फ कालू, जगजीत सिंह उर्फ जग्गी (अफगान नागरिक), गोपाल शर्मा उर्फ गौरव, अनीकेत सहोता, प्रभजीत सिंह उर्फ प्रभ और राजबीर सिंह उर्फ आर्यन शामिल हैं। इनके अलावा एक नाबालिग को भी हिरासत में लिया गया है।

बरामद हथियारों में एक उजी सब-मशीन गन, एक गफ्फार सब-मशीन सिक्योरिटी गन, चार ग्लॉक पिस्तौलें, एक जिगाना स्पोर्ट पिस्तौल, एक कोल्ट किंग कमांडो सेमी-ऑटोमैटिक पिस्तौल, एक स्कॉर्पियन जिगाना तिसास तुर्की पिस्तौल और एक अन्य .30 बोर पिस्तौल शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों द्वारा इस्तेमाल किया जा रहा मोटरसाइकिल भी जब्त कर लिया है।

पुलिस आयुक्त गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि पुख्ता खुफिया सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पहले जसप्रीत उर्फ कालू और एक नाबालिग को 220 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया गया। आगे की जांच में गोपाल और अनीकेत से 4.8 किलोग्राम हेरोइन बरामद हुई। पूछताछ के दौरान पुलिस अफगान नागरिक जगजीत उर्फ जग्गी तक पहुंची, जो हवाला लेन-देन का संचालन कर रहा था।

इसके बाद प्रभजीत और राजबीर को गिरफ्तार किया गया। प्रभजीत की निशानदेही पर पुलिस ने 10 आधुनिक हथियारों का जखीरा और 30.38 लाख रुपये की हवाला राशि बरामद की।

पुलिस के अनुसार जगजीत सिंह का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी है और उसके खिलाफ पहले से कई मामले दर्ज हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच अभी जारी है और आने वाले दिनों में इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी तथा और बरामदगियां होने की संभावना है।

पुलिस ने इस संबंध में थाना इस्लामाबाद, अमृतसर में एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

– प्रियंका ठाकुर
www.24ghantenews.com

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments