पंजाब में SIR-2026 के तहत घर-घर गणना अभियान शुरू, 24,453 बीएलओ करेंगे मतदाताओं का सत्यापन
रिपोर्ट: प्रियंका ठाकुर
चंडीगढ़, 26 जून। पंजाब में विशेष गहन पुनरीक्षण (एस.आई.आर.)-2026 के तहत घर-घर गणना अभियान की शुरुआत हो गई है। इस अभियान के अंतर्गत राज्य भर में 24,453 बूथ लेवल अधिकारियों (बी.एल.ओ.) ने घर-घर जाकर गणना फॉर्म वितरित करने का कार्य शुरू कर दिया है। भारत चुनाव आयोग द्वारा निर्धारित यह गणना चरण 25 जून से 24 जुलाई 2026 तक चलेगा, जिसके दौरान पंजाब के 2 करोड़ 14 लाख 61 हजार 43 मतदाताओं तक पहुंच बनाई जाएगी।
इस अभियान की शुरुआत के पहले दिन मुख्य निर्वाचन अधिकारी, पंजाब, अनिंदिता मित्रा ने स्वयं अपने परिवार के साथ गणना फॉर्म भरकर नागरिकों को लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी का संदेश दिया। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे अपने घरों पर आने वाले बी.एल.ओ. का सहयोग करें ताकि एक सही, समावेशी और अद्यतन मतदाता सूची तैयार की जा सके।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि अभियान का पहला दिन बेहद सकारात्मक और उत्साहजनक रहा तथा राज्य भर में फॉर्म वितरण का कार्य सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया कि वे अपनी नवीनतम रंगीन फोटो तैयार रखें, गणना फॉर्म सावधानीपूर्वक भरें, उस पर हस्ताक्षर करें और उसे बी.एल.ओ. को वापस सौंप दें। साथ ही, प्रक्रिया पूरी होने तक फॉर्म की दूसरी प्रति अपने पास सुरक्षित रखें।
उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी कारणवश घर बंद मिलता है तो बी.एल.ओ. फॉर्म को दरवाजे के नीचे से अंदर पहुंचा देगा और अगले दौरे की जानकारी संबंधी स्टिकर घर के बाहर चिपका देगा। बी.एल.ओ. फॉर्म एकत्र करने के लिए तीन बार घर-घर जाएंगे। यदि संबंधित मतदाता घर पर मौजूद नहीं है तो परिवार का कोई भी वयस्क सदस्य अपना संबंध बताते हुए फॉर्म पर हस्ताक्षर कर उसे जमा करवा सकता है।
मतदाताओं की सुविधा के लिए चुनाव आयोग ने ईसीआईनेट मोबाइल ऐप और मतदाता सेवा पोर्टल की सुविधा भी उपलब्ध करवाई है। इन प्लेटफॉर्म्स के माध्यम से मतदाता ऑनलाइन फॉर्म भरकर जमा कर सकते हैं तथा ‘बुक ए कॉल विद बी.एल.ओ.’ सुविधा के जरिए सीधे अपने बी.एल.ओ. से संपर्क भी कर सकते हैं।
चुनाव आयोग के अनुसार मतदान केंद्रों के युक्तियुक्तीकरण की प्रक्रिया 24 जुलाई तक जारी रहेगी। मसौदा मतदाता सूची 3 अगस्त 2026 को प्रकाशित होगी, जबकि दावे और आपत्तियां 3 अगस्त से 2 सितंबर तक स्वीकार की जाएंगी। सभी आपत्तियों और दावों के निपटारे के बाद अंतिम मतदाता सूची 1 अक्टूबर 2026 को प्रकाशित की जाएगी।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने और शुद्ध मतदाता सूची सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक नागरिक का सहयोग बेहद जरूरी है। उन्होंने सभी पात्र मतदाताओं से इस प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।


