बेअदबी के दोषियों को संरक्षण देने वालों को कभी माफ नहीं करेगी संगत: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान
पटियाला, 26 जून। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने बेअदबी के मामलों को लेकर बड़ा बयान देते हुए कहा कि पिछले 15 वर्षों तक गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी करने वालों को संरक्षण देने वालों को संगत कभी माफ नहीं करेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस जघन्य अपराध में शामिल लोगों को जल्द ही कानून के दायरे में लाकर जेल भेजा जाएगा।
पटियाला जिले के समाना विधानसभा क्षेत्र के गांव गाजेवास में आयोजित ‘लोक मिलनी’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘जागत जोत गुरु ग्रंथ साहिब सत्कार (संशोधन) अधिनियम-2026’ बेअदबी करने वालों के लिए कड़ी से कड़ी सजा का प्रावधान करेगा। उन्होंने कहा कि इस कानून को कानूनी विशेषज्ञों की सलाह के बाद बेहद सावधानी से तैयार किया गया है ताकि भविष्य में कोई कानूनी कमी न रह जाए।
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि पिछली सरकारों के कार्यकाल में बेअदबी की कई घटनाएं हुईं, लेकिन दोषियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने कहा कि अब उनकी सरकार ऐसे मामलों में किसी भी दोषी को बख्शने वाली नहीं है और कानून सभी पर समान रूप से लागू होगा।
भगवंत सिंह मान ने राज्य सरकार की उपलब्धियां भी गिनाईं। उन्होंने कहा कि पंजाब के 90 प्रतिशत से अधिक घरों को मुफ्त बिजली मिल रही है तथा 68 हजार से अधिक युवाओं को बिना रिश्वत और बिना सिफारिश सरकारी नौकरियां दी गई हैं। उन्होंने कहा कि जनता के टैक्स का पैसा शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क निर्माण और ग्रामीण विकास जैसे कार्यों पर खर्च किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री सेहत योजना के तहत प्रत्येक परिवार को 10 लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है। वहीं मावां धीयां सतिकार योजना के तहत 1 जुलाई से 18 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं को आर्थिक सहायता दी जाएगी। अनुसूचित जाति वर्ग की महिलाओं को 1,500 रुपये और अन्य वर्गों की महिलाओं को 1,000 रुपये प्रतिमाह सीधे बैंक खाते में भेजे जाएंगे।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने गांव गाजेवास के विकास कार्यों के लिए 51 लाख रुपये की अनुदान राशि भी प्रदान की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य हर गांव तक विकास पहुंचाना और पंजाब को हर क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनाना है।


