Homepunjabमुख्यमंत्री की अध्यक्षता में ‘अर्जुन एसपीवी’ के निदेशक मंडल की द्वितीय बैठक...

मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में ‘अर्जुन एसपीवी’ के निदेशक मंडल की द्वितीय बैठक आयोजित

मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में ‘अर्जुन एसपीवी’ के निदेशक मंडल की द्वितीय बैठक आयोजित

 

स्वच्छ वायु, हरित परिवहन, इलेक्ट्रिक वाहनों और कृषि अवशेष प्रबंधन को मिलेगा नया गति-बल

 

स्क्रैप वाहनों के पंजीकरण एवं निस्तारण के लिए  पोर्टल विकसित करने के निर्देश

 

चंडीगढ़, 13 जुलाई- हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि राज्य में स्वच्छ वायु, हरित परिवहन और सतत विकास को बढ़ावा देने के लिए आधुनिक तकनीकों का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्क्रैप (अनुपयोगी) वाहनों के पंजीकरण एवं वैज्ञानिक निस्तारण की प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और सुगम बनाने के लिए एक  पोर्टल विकसित किया जाए। इस पोर्टल के माध्यम से नागरिक अपने निजी तथा सरकारी विभाग अपने अनुपयोगी वाहनों का ऑनलाइन पंजीकरण कर सकेंगे, जिससे वाहन स्क्रैपिंग, पंजीकरण तथा संबंधित प्रक्रियाओं में सुविधा और पारदर्शिता सुनिश्चित होगी। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने राज्यभर में इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग स्टेशनों की स्थापना को गति देने के भी निर्देश दिए।

 

मुख्यमंत्री आज हरियाणा सिविल सचिवालय, चंडीगढ़ में ‘आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस फॉर रेजिलिएंट जॉब्स, अर्बन एयर क्वालिटी एंड नेक्स्ट जेनरेशन स्किल्स परिषद (अर्जुन एसपीवी)’ के निदेशक मंडल की द्वितीय बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।

 

बैठक में कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री श्याम सिंह राणा, मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव श्री राजेश खुल्लर, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्री अरुण कुमार गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के प्रशासनिक सचिवों एवं वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया।

बैठक में हरियाणा क्लीन एयर प्रोजेक्ट फॉर सस्टेनेबल डेवलपमेंट (HCAPSD) के अंतर्गत वर्ष 2026-27 की वार्षिक कार्य योजना की विस्तृत समीक्षा की गई। विभिन्न विभागों द्वारा निर्धारित लक्ष्यों, परियोजनाओं की प्रगति तथा उनके समयबद्ध क्रियान्वयन पर विस्तार से चर्चा की गई।

 

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राज्य में स्वच्छ वायु, आधुनिक सार्वजनिक परिवहन, इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा, औद्योगिक प्रदूषण नियंत्रण तथा कृषि अवशेष प्रबंधन से जुड़े सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण किए जाएं, ताकि हरियाणा पर्यावरण संरक्षण एवं सतत विकास के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में अपनी पहचान और अधिक सुदृढ़ कर सके।

 

इलेक्ट्रिक बस सेवाओं और हरित परिवहन परियोजनाओं की प्रगति पर चर्चा

बैठक में गुरुग्राम और फरीदाबाद में इलेक्ट्रिक बस सेवाओं के विस्तार, बस डिपो के विकास, चार्जिंग अवसंरचना के निर्माण तथा अगले चरण में 200 इलेक्ट्रिक बसों के संचालन के लिए सार्वजनिक-निजी भागीदारी मॉडल के तहत की जा रही तैयारियों की समीक्षा की गई। इसके साथ ही सोनीपत में भी इलेक्ट्रिक बस सेवाओं के लिए आवश्यक आधारभूत ढांचे के विकास की प्रगति पर चर्चा हुई।

 

मुख्यमंत्री ने राज्यभर में इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग स्टेशनों की स्थापना में तेजी लाने के निर्देश दिए, ताकि इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग को प्रोत्साहन मिले और नागरिकों को आवश्यक सुविधाएं सहज रूप से उपलब्ध हो सकें। बैठक में राज्य की इलेक्ट्रिक वाहन नीति में आवश्यक संशोधनों, राज्यभर में 100 इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग स्टेशनों की स्थापना तथा सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों के लिए स्वच्छ एवं पर्यावरण अनुकूल तकनीकों को बढ़ावा देने संबंधी योजनाओं की भी समीक्षा की गई।

 

कृषि क्षेत्र में पराली प्रबंधन को और अधिक प्रभावी बनाने, किसानों के लिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाने तथा फसल अवशेषों के वैज्ञानिक प्रबंधन के लिए मांग आकलन एवं तकनीकी उपायों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

 

बैठक में वायु गुणवत्ता प्रबंधन को सुदृढ़ बनाने के लिए राज्य उत्सर्जन सूची, ए.आई. आधारित निर्णय सहायता प्रणाली, विभिन्न विभागों के बीच आंकड़ों के आदान-प्रदान की व्यवस्था तथा सतत परिवेशी वायु गुणवत्ता निगरानी प्रणाली को मजबूत बनाने की दिशा में किए जा रहे कार्यों की समीक्षा भी की गई।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी विभागों के बीच प्रभावी समन्वय, आधुनिक तकनीक का अधिकतम उपयोग तथा प्रत्येक परियोजना का समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को प्रत्येक परियोजना की नियमित निगरानी करते हुए निर्धारित लक्ष्यों की शत-प्रतिशत प्राप्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

 

बैठक में परियोजना के अंतर्गत वित्तीय प्रबंधन, निगरानी व्यवस्था, जन-जागरूकता अभियान, शिकायत निवारण प्रणाली तथा विभिन्न विभागों के बीच समन्वय तंत्र को और अधिक सुदृढ़ बनाने पर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

 

क्रमांक 2026

 

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंचकूला से राज्यव्यापी स्वच्छता अभियान का किया शुभारंभ

 

सेक्टर-20 मार्केट में स्वयं श्रमदान कर दिया स्वच्छता का संदेश

 

प्रधानमंत्री के स्वच्छता संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए हरियाणा में विशेष अभियान शुरू

 

17 जुलाई तक पूरे हरियाणा में चलेगा व्यापक स्वच्छता अभियान: मुख्यमंत्री

 

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी 17 जुलाई को हरियाणा दौरे पर आएंगे, अनेक विकास परियोजनाओं का करेंगे लोकार्पण एवं शिलान्यास

 

चंडीगढ़, 13 जुलाई- प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के स्वच्छ भारत अभियान के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने और स्वच्छता के प्रति व्यापक जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने आज पंचकूला से राज्यव्यापी स्वच्छता अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने स्वयं श्रमदान कर सफाई की तथा प्रदेशवासियों से स्वच्छता को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया।

 

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने अभियान की शुरुआत पंचकूला के सेक्टर-20 की मुख्य मार्केट के सामने स्वयं झाड़ू लगाकर की। उन्होंने आसपास के क्षेत्र की सफाई करते हुए नागरिकों को स्वच्छ वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया। साथ ही उन्होंने कचरे के वैज्ञानिक एवं उचित निष्पादन के प्रति लोगों को जागरूक करते हुए स्वयं कचरा एकत्र कर रेहड़ी में डाला। इस मौके पर उन्होंने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण भी किया।

 

इस अवसर पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकार की ही नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की भी नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपने घर, मोहल्ले, बाजार और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने तथा कचरे का उचित प्रबंधन सुनिश्चित करने में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

 

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के स्वच्छता के संदेश से प्रेरित होकर देशभर के लोगों ने स्वच्छता को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाया है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी 17 जुलाई को हरियाणा के दौरे पर आएंगे। इस अवसर को ध्यान में रखते हुए 13 जुलाई से 17 जुलाई तक पूरे हरियाणा में प्रतिदिन व्यापक स्तर पर स्वच्छता अभियान चलाने का निर्णय लिया है जिसकी शुरुआत आज पंचकूला से की गई है।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस अभियान के तहत प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर मंत्रीगण, सांसद, विधायक, स्थानीय जनप्रतिनिधि तथा पार्टी पदाधिकारी स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के स्वच्छ एवं विकसित भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने का कार्य करेंगे।  मुख्यमंत्री श्री नायब  सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का हरियाणा आगमन हम सब के लिए गौरव की बात है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री अपने हरियाणा दौरे के दौरान एक हाइड्रोजन ट्रेन को झंडी दिखाएंगे और हरियाणा के विकास  से जुड़ी विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास भी करेंगे।

 

एक अन्य प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन के प्रभाव आज पूरी दुनिया महसूस कर रही है, पर्यावरणीय चुनौतियां बढ़ी हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान की शुरुआत की और देशवासियों से अपनी मां के सम्मान में कम से कम एक पौधा लगाने तथा उसका संरक्षण करने का आह्वान किया।

 

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से भी इस अभियान से जुड़ते हुए कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी नियमित देखभाल कर उसे वृक्ष बनने तक संरक्षित रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक पौधा रोपण से पर्यावरण स्वच्छ होगा, वायु प्रदूषण में कमी आएगी और लोगों का स्वास्थ्य बेहतर होगा, जिससे अनेक बीमारियों की रोकथाम में भी सहायता मिलेगी। उन्होंने कहा कि उन्होंने संकल्प लिया है कि वे जहाँ भी जाएंगे, वहाँ कम से कम 100 पौधे अवश्य लगाएंगे। इसी क्रम में आज पंचकूला में भी पौधरोपण किया गया।

 

इस अवसर पर हरियाणा विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष श्री ज्ञानचंद गुप्ता, पंचकूला के मेयर श्री श्याम लाल बंसल, हरियाणा शिवालिक विकास बोर्ड के कार्यकारी उपाध्यक्ष श्री ओम प्रकाश देवीनगर, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीमती बंतो  कटारिया, पूर्व मेयर श्री कुलभूषण गोयल, उपायुक्त श्री सतपाल शर्मा सहित अन्य गणमान्य नागरिक तथा बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

 

क्रमांक- 2026

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments