HomeपंजाबCM Bhagwant Mann ने Guru Ravidas Bani Research Centre की रखी नींव,...

CM Bhagwant Mann ने Guru Ravidas Bani Research Centre की रखी नींव, ₹37 करोड़ होंगे खर्च

CM भगवंत मान ने गुरु रविदास बाणी रिसर्च सेंटर की रखी नींव, 37 करोड़ रुपये होंगे खर्च

जालंधर, 9 अगस्त: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने जालंधर के डेरा सचखंड बल्लां में ‘गुरु रविदास जी बाणी अध्ययन केंद्र’ का नींव पत्थर रखा। इस मौके पर डेरा सचखंड बल्लां के पद्म श्री संत निरंजन दास जी सहित संत समाज की कई प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं।

गुरु रविदास जी के जीवन, दर्शन और पवित्र बाणी के अध्ययन एवं शोध के लिए विकसित किए जा रहे इस केंद्र पर करीब 37 करोड़ रुपये खर्च होंगे। यह केंद्र 10.4 एकड़ क्षेत्र में बनाया जाएगा और इसका कुल कवर एरिया लगभग 96,500 वर्ग फुट होगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि जमीन पर 11 करोड़ रुपये और जरूरी मंजूरियों पर 60 लाख रुपये खर्च किए जा चुके हैं, जबकि निर्माण से जुड़ा बाकी खर्च पंजाब सरकार वहन करेगी।

केंद्र में तीन मंजिला प्रशासनिक एवं अध्यापन ब्लॉक, लड़कों और लड़कियों के लिए तीन-तीन मंजिला हॉस्टल तथा शिक्षकों और स्टाफ के लिए दो मंजिला इमारत बनाई जाएगी। दोनों हॉस्टलों में 54-54 छात्रों के रहने की सुविधा होगी। यह केंद्र विद्यार्थियों और शोधकर्ताओं को गुरु रविदास जी के जीवन, बाणी, दर्शन और शिक्षाओं के अध्ययन के लिए विशेष मंच उपलब्ध करवाएगा।

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि यह केंद्र गुरु रविदास जी की विचारधारा और शिक्षाओं को दुनिया भर में पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि गुरु रविदास जी ने जाति-पाति, ऊंच-नीच और सामाजिक भेदभाव के खिलाफ आवाज उठाते हुए समानता, मानवता और मान-सम्मान का संदेश दिया।

मुख्यमंत्री ने बताया कि गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित साल भर चलने वाले समारोहों के लिए पंजाब सरकार ने 100 करोड़ रुपये का बजट रखा है। इसके तहत 50 मोबाइल वैन पंजाब के सभी 23 जिलों के करीब 13 हजार गांवों में जाकर गुरु जी के जीवन, दर्शन और शिक्षाओं पर आधारित डॉक्यूमेंट्री दिखा रही हैं।

मुख्यमंत्री ने शिक्षा के क्षेत्र में पंजाब सरकार की उपलब्धियों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों के 2021 में केवल 80 विद्यार्थियों ने NEET परीक्षा पास की थी, जबकि 2026 में यह संख्या बढ़कर 881 हो गई है। उन्होंने शिक्षा को सामाजिक बदलाव का सबसे मजबूत माध्यम बताते हुए कहा कि सरकार हर बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आगे बढ़ने के समान अवसर देने के लिए काम कर रही है।

इस मौके पर कैबिनेट मंत्री हरपाल सिंह चीमा, अमन अरोड़ा, तरुणप्रीत सिंह सौंद, महिंदर भगत, डॉ. रवजोत, हरभजन सिंह ईटीओ, लाल चंद कटारूचक्क, सांसद डॉ. राज कुमार चब्बेवाल, विधायक बलकार सिंह और इंदरजीत कौर मान सहित अन्य प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments