मोहाली में Punjab Youth Run 2026 का आयोजन, हजारों युवाओं ने दिया नशा मुक्त पंजाब का संदेश
मोहाली, 9 अगस्त: पंजाब के युवाओं को नशों से दूर रखने और उन्हें खेल व फिटनेस से जोड़ने के उद्देश्य से आम आदमी पार्टी पंजाब यूथ विंग ने ‘युद्ध नशेआं विरुद्ध’ मुहिम के तहत मोहाली में ‘Punjab Youth Run 2026’ का आयोजन किया। 5.5 किलोमीटर की इस मैराथन में हजारों युवाओं, खिलाड़ियों, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और अन्य लोगों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया।
मैराथन की शुरुआत गुरुद्वारा अंब साहिब से हुई। आयोजन के दौरान प्रतिभागियों को टी-शर्ट और पार्टिसिपेशन मेडल दिए गए, जबकि विजेताओं को 11 हजार रुपये तक के नकद पुरस्कार प्रदान किए गए। कार्यक्रम के जरिए खेल, फिटनेस और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के साथ नशा मुक्त पंजाब का संदेश दिया गया।
आप पंजाब यूथ विंग के प्रधान एवं विधायक मनजिंदर सिंह लालपुरा ने कहा कि लोगों की बड़ी भागीदारी से स्पष्ट है कि पंजाब के लोग स्वस्थ और नशा मुक्त पंजाब चाहते हैं। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम केवल राजनीतिक गतिविधि नहीं, बल्कि पंजाब के युवाओं और समाज के लिए सकारात्मक पहल है।
लालपुरा ने बताया कि पंजाब यूथ विंग की ओर से अमृतसर, पटियाला, बठिंडा और लुधियाना में भी इसी तरह के मैराथन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन आयोजनों के जरिए फिटनेस, खेल और नशा मुक्ति का संदेश प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
आप सांसद गुरमीत सिंह मीत हेयर ने यूथ विंग की टीम को बधाई देते हुए कहा कि युवाओं को खेल के मैदानों से जोड़ना और फिटनेस को बढ़ावा देना नशों के खिलाफ लड़ाई में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि पंजाब में खेल बजट करीब 150 करोड़ रुपये से बढ़कर लगभग 1,800 करोड़ रुपये हो गया है, जो खेलों को लेकर सरकार की प्राथमिकता को दर्शाता है।
मीत हेयर ने लोगों से अपील की कि मैराथन को केवल एक दिन की गतिविधि न मानें, बल्कि पैदल चलना, दौड़ना और व्यायाम को रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बनाएं। उन्होंने स्वस्थ समाज को मजबूत पंजाब और स्वस्थ भारत के लिए जरूरी बताया।
आप सांसद मालविंदर सिंह कंग ने भी आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि फिटनेस और शारीरिक गतिविधियां हर व्यक्ति की जिंदगी का अहम हिस्सा होनी चाहिए। उन्होंने मैराथन में शामिल हजारों प्रतिभागियों की सराहना की और कहा कि युवाओं को खेल तथा स्वस्थ जीवनशैली से जोड़ने वाली ऐसी पहल नशा मुक्त पंजाब के निर्माण में अहम भूमिका निभा सकती हैं।


