पंजाब में धान खरीद तेज, 3.44 लाख मीट्रिक टन खरीद और किसानों को 188 करोड़ का भुगतान
चंडीगढ़/खरड़, 5 अक्टूबर: पंजाब के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री लाल चंद कटारूचक ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली राज्य सरकार ने प्रदेशभर में धान की सुचारू और निर्बाध खरीद के लिए पुख्ता प्रबंध किए हैं। सरकार द्वारा मंडियों में खरीद प्रक्रिया की लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि किसानों को किसी तरह की परेशानी न हो।
खरड़ अनाज मंडी का दौरा कर खरीद प्रबंधों का जायजा लेते हुए लाल चंद कटारूचक ने बताया कि अब तक पंजाब की मंडियों में 3.83 लाख मीट्रिक टन धान की आवक हो चुकी है। इसमें से राज्य की खरीद एजेंसियों द्वारा 3.44 लाख मीट्रिक टन धान की खरीद की जा चुकी है। खरीदे गए धान के बदले किसानों को अब तक 188 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है।
मंत्री ने कहा कि आने वाले दिनों में धान के उठान की गति को और तेज किया जाएगा। उन्होंने किसानों को भरोसा दिलाया कि मंडियों में बारदाने की कोई कमी नहीं है और खरीद प्रक्रिया को सुचारू बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।
लाल चंद कटारूचक ने कहा कि पंजाब सरकार ने सरकारी कोटे के लिए निर्धारित 180 लाख मीट्रिक टन धान खरीद का लक्ष्य रखा है और इसे आसानी से पूरा किया जाएगा। उन्होंने बताया कि खरीद कार्यों के लिए भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा 42,700 करोड़ रुपये की नकद ऋण सीमा पहले ही मंजूर की जा चुकी है।
खरीद प्रबंधों की समीक्षा के दौरान मंत्री ने किसानों, आढ़तियों और अन्य संबंधित पक्षों से बातचीत कर मंडी की व्यवस्थाओं और समस्याओं के बारे में जानकारी ली। इस दौरान पनसप द्वारा किसान मनदीप सिंह निवासी त्रिपड़ी की धान की फसल खरीदी गई।
मंत्री ने खरीद एजेंसियों को निर्देश दिए कि सरकारी रिकॉर्ड में धान खरीद की प्रविष्टि दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर किसानों के बैंक खातों में भुगतान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने सभी एजेंसियों को आपसी तालमेल से खरीद, उठान और भुगतान की प्रक्रिया समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर सांसद मलविंदर सिंह कंग ने कहा कि राज्य में पहले से मौजूद अनाज के भंडार को केंद्रीय खाद्य मंत्रालय के साथ तालमेल कर जल्द खाली करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने इस संबंध में केंद्रीय खाद्य मंत्री प्रहलाद जोशी को पहले ही पत्र लिखा है।
पंजाब युवा विकास बोर्ड के चेयरमैन परमिंदर सिंह गोल्डी ने कहा कि स्थानीय स्तर पर किसानों से जुड़ी समस्याओं का संबंधित विभागों के साथ तालमेल कर समाधान किया जा रहा है।
News written by Priyanka Thakur


