अमन अरोड़ा का कांग्रेस पर हमला, कहा- गुटों के समझौतों पर टिका नेतृत्व कार्यकर्ताओं की निराशा का कारण
संगरूर, 5 अक्टूबर 2026: पंजाब के कैबिनेट मंत्री और आम आदमी पार्टी पंजाब के अध्यक्ष अमन अरोड़ा ने कांग्रेस के संगठनात्मक फैसलों और आंतरिक गुटबाजी पर निशाना साधते हुए कहा कि पंजाब कांग्रेस में गुटों के बीच समझौतों के आधार पर नेतृत्व तय किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि इससे पार्टी के जमीनी कार्यकर्ताओं में निराशा बढ़ रही है और उनका नेतृत्व से मोहभंग हो रहा है।
संगरूर में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अमन अरोड़ा ने पंजाब कांग्रेस के नवनियुक्त अध्यक्ष परगट सिंह को अपनी ओर से और आम आदमी पार्टी की ओर से शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि परगट सिंह ने हॉकी के मैदान में टीम का नेतृत्व किया है और अब उन्हें पंजाब में कांग्रेस का नेतृत्व करने की जिम्मेदारी मिली है। हालांकि, उन्होंने कहा कि अध्यक्ष नियुक्त किए जाने के बाद सामने आए घटनाक्रम कांग्रेस की आंतरिक अस्थिरता को दर्शाते हैं।
अमन अरोड़ा ने पूर्व पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने कठिन परिस्थितियों में पार्टी की कमान संभाली और लंबे समय तक कार्यकर्ताओं के साथ काम किया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के पंजाब प्रभारी सचिन पायलट के दौरे के बाद उन्हें पद से हटाने का फैसला किया गया, जिससे पार्टी कार्यकर्ताओं का मनोबल प्रभावित हुआ।
उन्होंने दावा किया कि परगट सिंह को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बने चार दिन हो चुके हैं, लेकिन राहुल गांधी से उनकी अब तक मुलाकात नहीं हुई है। अमन अरोड़ा ने इसे पंजाब के प्रति कांग्रेस हाईकमान के रवैये पर सवाल के तौर पर पेश किया।
संगरूर और मालवा के राजनीतिक प्रतिनिधित्व पर बोलते हुए अमन अरोड़ा ने कहा कि क्षेत्र के लोगों को उम्मीद थी कि विजय इंदर सिंगला जैसे स्थानीय नेता को प्रदेश कांग्रेस का नेतृत्व करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि अंतिम समय में उनकी अनदेखी से संगरूर और मालवा के लोगों में निराशा पैदा हुई है।
कांग्रेस की आंतरिक स्थिति पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति के बाद जिस उत्साह की उम्मीद थी, उसकी जगह पार्टी कार्यकर्ताओं में खामोशी दिखाई दे रही है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस का आंतरिक विवाद अब सार्वजनिक रूप से सामने आ रहा है।
नशे के खिलाफ समितियों की भूमिका अहम: अमन अरोड़ा
नशे के खिलाफ सरकार के अभियान पर अमन अरोड़ा ने कहा कि पंजाब को नशामुक्त बनाने के लिए सरकार, पुलिस और समाज को मिलकर काम करना होगा। उन्होंने बताया कि राज्य में लगभग 15,000 ग्राम रक्षा समितियां और वार्ड रक्षा समितियां जमीनी स्तर पर नशे के खिलाफ काम कर रही हैं।
उन्होंने कहा कि सरपंच और समिति सदस्य नशे से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी पुलिस तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। अमन अरोड़ा ने पंजाब के लोगों से अपील की कि वे अपने गांवों और वार्डों को नशे से बचाने के लिए सक्रिय भागीदारी निभाएं और पुलिस तथा संबंधित समितियों का सहयोग करें।
News written by Priyanka Thakur


