बीबी जागीर कौर की अकाली दल (बादल) में वापसी, सुखबीर बादल ने भुलत्थ हलके का बनाया इंचार्ज
बेगोवाल में सुखबीर सिंह बादल की मौजूदगी में पार्टी में हुई शामिल, दोआबा में अकाली दल को मिलेगी मजबूती
सुखबीर बादल बोले- पंजाब को बचाने के लिए अकाली दल का मजबूत होना जरूरी
कपूरथला, 15 नवंबर। पंजाब की राजनीति में शिरोमणि अकाली दल (बादल) को उस समय बड़ी मजबूती मिली, जब वरिष्ठ अकाली नेता बीबी जागीर कौर ने एक बार फिर पार्टी में वापसी कर ली। कपूरथला जिले के भुलत्थ विधानसभा क्षेत्र के गांव बेगोवाल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पार्टी प्रधान सुखबीर सिंह बादल की मौजूदगी में बीबी जागीर कौर अकाली दल में शामिल हुईं। इस अवसर पर सुखबीर बादल ने उन्हें पार्टी में दोबारा शामिल करते हुए भुलत्थ विधानसभा क्षेत्र का हलका इंचार्ज भी नियुक्त किया।
कार्यक्रम में अकाली दल के कई वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद रहे। बीबी जागीर कौर की वापसी को दोआबा की राजनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। वह अकाली दल में पहले भी कई अहम जिम्मेदारियां निभा चुकी हैं। इसके अलावा वह शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) की अध्यक्ष और पंजाब सरकार में कैबिनेट मंत्री के पद पर भी सेवाएं दे चुकी हैं।
2022 में पार्टी से किया गया था निष्कासित
गौरतलब है कि नवंबर 2022 में पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोपों के चलते बीबी जागीर कौर को शिरोमणि अकाली दल से निष्कासित कर दिया गया था। इसके बाद उन्होंने एसजीपीसी अध्यक्ष पद के चुनाव में पार्टी के आधिकारिक उम्मीदवार के खिलाफ चुनाव लड़ा था। मार्च 2024 में उन्होंने दोबारा अकाली दल में वापसी की थी, लेकिन अगस्त 2025 में सुखबीर सिंह बादल के नेतृत्व को लेकर मतभेदों के चलते उन्होंने पार्टी छोड़कर शिअद (पुनर सुरजीत) का साथ पकड़ लिया था। अब एक बार फिर उनकी बादल दल में वापसी हुई है।
जागीर कौर की वापसी से दोआबा में पार्टी होगी मजबूत: सुखबीर बादल
इस मौके पर सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि बीबी जागीर कौर के शिरोमणि अकाली दल (बादल) में शामिल होने से पार्टी को बड़ी ताकत मिली है। उनकी वापसी से दोआबा क्षेत्र में अकाली दल और मजबूत होगा।
उन्होंने कहा कि कुछ कारणों से पार्टी के नेता अलग हुए थे, लेकिन अब पंजाब और शिरोमणि अकाली दल को मजबूत करने के उद्देश्य से फिर एकजुट हुए हैं। सुखबीर बादल ने कहा कि आज पंजाब को बचाने की जरूरत है। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली के लुटेरों ने पिछले 10 वर्षों में पंजाब को तबाह कर दिया है। प्रदेश में गुंडागर्दी और गैंगस्टरों का राज हो चुका है। उन्होंने अकाली नेताओं और कार्यकर्ताओं से पार्टी को मजबूत करने के लिए एकजुट होकर काम करने की अपील की।
news written by Priyanka Thakur


