मुख्यमंत्री भगवंत मान ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का जाना हाल, बेहतर इलाज के दिए निर्देश
मृतकों के परिवारों के प्रति जताई संवेदना, कहा- दुख की घड़ी में सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है
मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत 7 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किया धार्मिक स्थलों का दर्शन
चंडीगढ़/अमृतसर, 15 नवंबर। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने अमृतसर में तीर्थयात्रियों को ले जा रही बसों के साथ हुए दर्दनाक सड़क हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने रविवार को अस्पताल पहुंचकर हादसे में घायल श्रद्धालुओं का हालचाल जाना और उनके बेहतर इलाज के लिए स्वास्थ्य अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये और प्रत्येक घायल को 1-1 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री मान ने कहा कि पंजाब सरकार इस मुश्किल घड़ी में पीड़ित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है। हादसे में चार श्रद्धालुओं और एक मोटरसाइकिल सवार की मौत हुई है, जबकि 11 लोग घायल हुए हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि अधिकांश घायलों की हालत खतरे से बाहर है और उम्मीद है कि वे जल्द स्वस्थ होकर अपने घर लौटेंगे। सभी घायलों का इलाज सरकार की ओर से पूरी तरह मुफ्त करवाया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों को प्रभावित परिवारों की हरसंभव सहायता करने तथा घायलों को बेहतरीन चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति और शोक संतप्त परिवारों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना भी की।
इस दौरान मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना की उपलब्धियों का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत अब तक 7,02,203 श्रद्धालु 17,531 बस यात्राओं के माध्यम से विभिन्न धार्मिक स्थलों के दर्शन कर चुके हैं। इनमें अमृतसर, श्री आनंदपुर साहिब, हरिद्वार-ऋषिकेश, खाटू श्याम और मथुरा-वृंदावन जैसे प्रमुख धार्मिक स्थल शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि योजना के तहत रोजाना 70 से अधिक बसें संचालित होती हैं और प्रतिदिन 3,000 से ज्यादा श्रद्धालु तीर्थ यात्रा का लाभ उठाते हैं।
मुख्यमंत्री ने विपक्षी दलों से अपील की कि इस दुखद हादसे पर राजनीति न करें। उन्होंने कहा कि दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटनाओं को राजनीतिक विवाद का विषय नहीं बनाया जाना चाहिए। सरकार नागरिकों की सुरक्षा और कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है।
मान ने पंजाब में सड़क सुरक्षा फोर्स (SSF) के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि इस फोर्स ने सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और समय पर सहायता पहुंचाकर कीमती जानें बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने दोहराया कि हादसे से प्रभावित प्रत्येक परिवार को हरसंभव सहायता दी जाएगी।
news written by Priyanka Thakur


