चंडीगढ़, 15 नवंबर। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को यमुनानगर में आयोजित राज्य स्तरीय छठ महोत्सव में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस दौरान उन्होंने छठ घाट पर पूजा-अर्चना कर छठी मैया का आशीर्वाद लिया और प्रदेशवासियों, विशेषकर पूर्वांचल के लोगों को छठ महापर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कामना की कि छठी मैया की कृपा से सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और खुशहाली आए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छठ पूजा प्रकृति, संस्कृति और आस्था का अद्भुत संगम है। यह पर्व हमें अपनी मूल जड़ों और सांस्कृतिक परंपराओं से जोड़ता है। बिहार, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश से हरियाणा आए लोगों ने अपनी आस्था, मेहनत और समर्पण से इस पर्व को प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाया है।
उन्होंने कहा कि छठ पूजा का संबंध हरियाणा की ऐतिहासिक और धार्मिक परंपराओं से भी जुड़ा है। एक मान्यता के अनुसार, महाभारत काल में सूर्यपुत्र कर्ण ने धर्मक्षेत्र कुरुक्षेत्र में सूर्य देव की उपासना की शुरुआत की थी।
छठ पूजा के लिए विकसित की जा रही सुविधाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्वांचल के लोगों की आस्था और परंपराओं का सम्मान करना तथा उनके हितों की रक्षा करना सरकार की जिम्मेदारी है। इसी दिशा में प्रदेश में छठ पूजा के आयोजन के लिए सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।
उन्होंने बताया कि करनाल में 4 करोड़ 48 लाख रुपये की लागत से स्नान घाट का निर्माण किया गया है। इसके अलावा स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत नहर के दूसरे किनारे पर भी घाट बनाया गया है। पंचकूला, पानीपत और सोनीपत में भी छठ पूजा के लिए घाटों का निर्माण किया गया है।
श्रमिकों के कल्याण पर खर्च किए 3,931 करोड़ रुपये
मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्वांचल के मेहनती भाई-बहन देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। सरकार श्रमिकों के सम्मान, कल्याण और सामाजिक सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने बताया कि पिछले 12 वर्षों में निर्माण श्रमिकों के कल्याण पर 3,931 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। वहीं, हरियाणा श्रम कल्याण बोर्ड की ओर से भी श्रमिकों के कल्याण पर 1,000 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रमिक परिवारों की बेटियों के विवाह के लिए कन्यादान योजना के तहत 1 लाख 1 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। इसके अलावा, पात्र निर्माण श्रमिकों को अपना घर बनाने के लिए मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत 2 लाख 50 हजार रुपये तक की वित्तीय सहायता सीधे प्रदान की जाती है।
उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य श्रमिकों और उनके परिवारों को सुरक्षा, सम्मान और बेहतर जीवन के अवसर उपलब्ध कराना है। प्रदेश सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
इस अवसर पर कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा, विधायक घनश्याम दास और पूर्व मंत्री कंवर पाल सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
News written by Priyanka Thakur


