Homeस्पोर्ट्सभारतीय हॉकी की दिग्गज गोलकीपर सविता TIME100 Next: India की सूची में...

भारतीय हॉकी की दिग्गज गोलकीपर सविता TIME100 Next: India की सूची में शामिल, हॉकी इंडिया ने दी बधाई

नई दिल्ली: भारतीय महिला हॉकी टीम की दिग्गज गोलकीपर सविता ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। उन्हें प्रतिष्ठित TIME100 Next: India की पहली सूची में शामिल किया गया है। इस सूची में देश के उन 100 प्रभावशाली लोगों को जगह दी गई है, जो अलग-अलग क्षेत्रों में अपने योगदान और प्रभाव से भारत के भविष्य को आकार दे रहे हैं।

सविता को इस सूची की ‘Leaders’ श्रेणी में शामिल किया गया है। उनकी इस उपलब्धि को भारतीय हॉकी के लिए भी महत्वपूर्ण सम्मान माना जा रहा है। हॉकी इंडिया ने सविता को बधाई देते हुए उनकी मेहनत, नेतृत्व क्षमता और खेल के प्रति समर्पण की सराहना की है।

TIME100 Next पहल के तहत पहली बार विशेष रूप से भारत के लिए यह सूची जारी की गई है। इसमें खेल, मनोरंजन, व्यवसाय और अन्य क्षेत्रों की प्रमुख हस्तियों को शामिल किया गया है। सविता के अलावा दिलजीत दोसांझ, आलिया भट्ट, विक्की कौशल, हरमनप्रीत कौर, लवलीना बोरगोहेन, वैभव सूर्यवंशी, मीराबाई चानू, गुकेश डोम्माराजू और सानिया मिर्जा जैसी हस्तियों को भी इस सूची में जगह मिली है।

सविता ने भारतीय हॉकी और टीम को दिया सम्मान का श्रेय

इस उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए सविता ने कहा कि TIME100 Next: India की पहली सूची में शामिल होना उनके लिए बेहद सम्मान की बात है। उन्होंने कहा कि यह पहचान सिर्फ उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं है, बल्कि भारतीय हॉकी, उनकी टीम की साथी खिलाड़ियों, कोचों और उन सभी लोगों की है, जिन्होंने उनके सफर में सहयोग दिया है।

सविता ने उम्मीद जताई कि उनकी यह उपलब्धि देश की अधिक से अधिक लड़कियों को खेलों से जुड़ने, बड़े सपने देखने और अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी पहचान बनाने के लिए प्रेरित करेगी।

12 दिसंबर को मुंबई में TIME100 Next Gala में होंगी शामिल

TIME100 Next: India सूची में शामिल होने के बाद सविता को 12 दिसंबर 2026 को मुंबई के जियो वर्ल्ड सेंटर में आयोजित होने वाले TIME100 Next Gala में शामिल होने का निमंत्रण भी दिया गया है।

हॉकी इंडिया के अध्यक्ष डॉ. दिलीप टिर्की ने सविता को बधाई देते हुए कहा कि यह भारतीय हॉकी के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने कहा कि सविता ने अपने पूरे करियर में शानदार प्रतिबद्धता, धैर्य और नेतृत्व का परिचय दिया है।

हॉकी इंडिया के महासचिव भोला नाथ सिंह ने भी इस सम्मान को भारतीय हॉकी के लिए बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि सविता की निरंतरता, समर्पण और प्रदर्शन ने उन्हें खेल की सबसे सम्मानित खिलाड़ियों में शामिल किया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सविता की उपलब्धियां आने वाली पीढ़ी के खिलाड़ियों को प्रेरित करती रहेंगी।

news written by Priyanka Thakur

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments