Homeपंजाबपंजाब में 625 वेटरनरी ऑफिसर और 579 इंस्पेक्टर भर्ती, मान सरकार का...

पंजाब में 625 वेटरनरी ऑफिसर और 579 इंस्पेक्टर भर्ती, मान सरकार का बड़ा कदम

पंजाब में पशु चिकित्सा सेवाओं को मजबूती: मान सरकार ने भर्ती किए 625 वेटरनरी ऑफिसर, 579 वेटरनरी इंस्पेक्टर भी नियुक्त

चंडीगढ़, 19 नवंबर: पंजाब में पशुपालन क्षेत्र और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली सरकार ने पशुपालन विभाग में बड़े स्तर पर भर्तियां की हैं। पशुपालन, डेयरी विकास एवं मत्स्य पालन मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां ने गुरुवार को तीन नवनियुक्त वेटरनरी ऑफिसरों (वीओ) को नियुक्ति पत्र सौंपे। इसके साथ ही मौजूदा सरकार के कार्यकाल में भर्ती किए गए वेटरनरी ऑफिसरों की कुल संख्या 625 हो गई है।

मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां ने कहा कि राज्य सरकार पिछले चार वर्षों से पशुपालन विभाग में विभिन्न स्तरों पर भर्ती अभियान चला रही है। 625 वेटरनरी ऑफिसरों के अलावा विभाग में 579 वेटरनरी इंस्पेक्टर भी भर्ती किए गए हैं। इन नियुक्तियों का उद्देश्य राज्यभर में पशुओं को बेहतर और समय पर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करवाना है।

प्रशासनिक और तकनीकी पदों पर भी हुई भर्ती

खुड्डियां ने बताया कि विभाग की कार्यप्रणाली को सुचारू बनाने के लिए कई प्रशासनिक, तकनीकी और सहायक पदों पर भी नियुक्तियां की गई हैं। इनमें मुख्यालय में 17 क्लर्क, 2 मिल्क रिकॉर्डर, 7 लैब असिस्टेंट, 7 कंप्यूटर ऑपरेटर/एन्यूमरेटर/पंचर, 1 मशीन ऑपरेटर, 1 इनक्यूबेटर ऑपरेटर, 2 लीगल क्लर्क और 8 स्टेनोटाइपिस्ट शामिल हैं।

नवनियुक्त अधिकारियों को बधाई देते हुए मंत्री ने उनसे किसानों की सेवा पूरी लगन, पेशेवर दक्षता और संवेदनशीलता के साथ करने की अपील की। उन्होंने कहा कि मान सरकार सभी खाली पदों को भरने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि पंजाब का कोई भी किसान समय पर पशु चिकित्सा सुविधाओं से वंचित न रहे।

पशुपालन ग्रामीण समृद्धि की रीढ़

मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां ने कहा कि पशुधन क्षेत्र पंजाब की ग्रामीण खुशहाली का आधार है। वेटरनरी ऑफिसरों, इंस्पेक्टरों और अन्य जरूरी कर्मचारियों की भर्ती से विभाग का नेटवर्क गांवों और जमीनी स्तर तक मजबूत होगा।

उन्होंने कहा कि इन नियुक्तियों से पशु चिकित्सा सेवाओं को बेहतर बनाने, डेयरी उत्पादन को बढ़ावा देने और किसानों को सीधा सहयोग देने में मदद मिलेगी। विभाग में कर्मचारियों की संख्या बढ़ने से पशुपालकों को समय पर सेवाएं उपलब्ध करवाने की क्षमता भी मजबूत होगी।

इस अवसर पर पशुपालन विभाग के डायरेक्टर परमदीप सिंह वालिया सहित विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments