चंडीगढ़, 20 नवंबर। पंजाब पुलिस को एएसआई इकबाल सिंह हत्याकांड में बड़ी सफलता मिली है। पंजाब पुलिस की एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) ने जीरकपुर में संक्षिप्त मुठभेड़ के बाद हत्याकांड के मुख्य आरोपी और शूटर हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी बहमन को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई के दौरान आरोपी को गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। इस ऑपरेशन के दौरान आरोपी के साथ मौजूद एक महिला साथी को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
पंजाब के पुलिस महानिदेशक (DGP) गौरव यादव ने इस कार्रवाई की जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों पर पंजाब को सुरक्षित राज्य बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई है। गिरफ्तार आरोपी हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी बहमन तरन तारन जिले के पट्टी क्षेत्र के गांव अकबरपुरा कच्चा पक्का का रहने वाला है।
डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि 11 अक्टूबर 2026 को तरन तारन जिले में मोटरसाइकिल सवार हमलावरों ने फिरोजपुर स्थित काउंटर इंटेलिजेंस विंग में तैनात एएसआई इकबाल सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी थी। घटना के बाद एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स की विभिन्न टीमों ने आरोपियों की तलाश में अभियान शुरू किया था।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने तकनीकी निगरानी और खुफिया सूचनाओं के आधार पर आरोपियों की गतिविधियों पर नजर रखी। इस दौरान चंडीगढ़, दिल्ली और जयपुर में उनकी लोकेशन ट्रैक की गई। आखिरकार पुलिस को सूचना मिली कि मुख्य आरोपी जीरकपुर के एक होटल में छिपा हुआ है।
विशेष डीजीपी (AGTF) प्रमोद बान ने बताया कि पुख्ता जानकारी मिलने के बाद डीएसपी (ऑपरेशन), एजीटीएफ के नेतृत्व में पुलिस टीम ने होटल की घेराबंदी की। तलाशी अभियान के दौरान पुलिस और आरोपी के बीच गोलीबारी हुई। जवाबी कार्रवाई में हैप्पी बहमन घायल हो गया, जिसके बाद पुलिस ने उसे मौके पर ही काबू कर लिया। उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
विशेष डीजीपी ने बताया कि मामले में एक अन्य आरोपी की पहचान भी कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। इसके अलावा गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर हत्याकांड में अन्य लोगों की भूमिका और पूरे नेटवर्क का पता लगाया जा रहा है।
इस मामले में थाना सरहाली, तरन तारन में 11 अक्टूबर 2026 को एफआईआर नंबर 186 दर्ज की गई थी। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1), 3(5) और आर्म्स एक्ट की धारा 25 व 27 के तहत मामला दर्ज किया है।


