26 अगस्त को बठिंडा में होगी NRI मिलनी, सात जिलों के प्रवासी पंजाबी होंगे शामिल: डॉ. रवजोत सिंह
चंडीगढ़, 23 अगस्त 2026: पंजाब सरकार की ओर से प्रवासी पंजाबियों की समस्याओं और शिकायतों के समाधान के लिए आयोजित की जा रही NRI मिलनियों की कड़ी में अगली मिलनी 26 अगस्त 2026 को बठिंडा में होगी। NRI मामलों के मंत्री डॉ. रवजोत सिंह ने बताया कि इस मिलनी में सात जिलों से संबंधित प्रवासी पंजाबी सीधे वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के सामने अपनी समस्याएं रख सकेंगे।
डॉ. रवजोत सिंह ने बताया कि NRI मिलनी बुधवार, 26 अगस्त को सुबह 11 बजे होटल सेपल, जी.टी. रोड, तिकोनी के नजदीक, बठिंडा में आयोजित की जाएगी। इसमें बठिंडा, मोगा, फिरोजपुर, फरीदकोट, फाजिल्का, श्री मुक्तसर साहिब और मानसा जिलों से संबंधित प्रवासी भारतीय शामिल हो सकेंगे।
मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार का उद्देश्य प्रवासी पंजाबियों के साथ सीधे संवाद के माध्यम से उनकी समस्याओं की मौके पर सुनवाई करना और संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर संभव समाधान जल्द सुनिश्चित करना है।
उन्होंने कहा कि प्रवासी पंजाबी अपनी शिकायतों, सुझावों और विभिन्न प्रशासनिक या अन्य मुद्दों को सीधे अधिकारियों के सामने रख सकेंगे। सरकार की कोशिश रहेगी कि संबंधित मामलों पर मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएं और लंबित समस्याओं के समाधान की प्रक्रिया को तेज किया जाए।
डॉ. रवजोत सिंह ने बताया कि पंजाब सरकार इससे पहले भी प्रवासी पंजाबियों के लिए विशेष NRI मिलनियां आयोजित कर चुकी है। इसी अभियान के तहत एस.ए.एस. नगर (मोहाली) और लुधियाना में दो मिलनियां आयोजित की जा चुकी हैं, जिनमें आठ जिलों से संबंधित प्रवासी पंजाबियों की शिकायतों और मुद्दों की सुनवाई की गई।
NRI मामलों के मंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार विदेशों में बसे पंजाबियों को राज्य और अपने परिवार का महत्वपूर्ण हिस्सा मानती है। उन्होंने कहा कि सरकार उनकी संपत्ति, पारिवारिक, प्रशासनिक, कानूनी और अन्य समस्याओं के समाधान के लिए सीधे संवाद और त्वरित कार्रवाई को प्राथमिकता दे रही है।
उन्होंने कहा कि NRI मिलनियों का उद्देश्य केवल शिकायतें सुनना नहीं, बल्कि प्रवासी पंजाबियों के साथ सरकार का संवाद मजबूत करना और उनके मुद्दों के समाधान के लिए प्रभावी तंत्र तैयार करना भी है। उन्होंने प्रवासी पंजाबियों से अपील की कि वे 26 अगस्त को बठिंडा में आयोजित मिलनी में पहुंचकर अपनी समस्याएं संबंधित अधिकारियों के सामने रखें।
News Written By: Priyanka Thakur


