पंजाब में ग्रामीण आवास योजना को मिली रफ्तार, 36,792 घरों के लिए वित्तीय सहायता मंजूर
चंडीगढ़, 23 अगस्त 2026: पंजाब सरकार ने ग्रामीण क्षेत्रों में आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को पक्के और सुरक्षित आवास उपलब्ध कराने के लिए ग्रामीण आवास योजना के तहत कार्यों में तेजी लाई है। ग्रामीण विकास एवं पंचायत मंत्री तरुनप्रीत सिंह सौंद ने बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में राज्य सरकार जरूरतमंद परिवारों को सम्मानजनक आवास उपलब्ध करवाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
मंत्री ने कहा कि सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि कच्चे मकानों या असुरक्षित परिस्थितियों में रहने वाले परिवारों को आवासीय योजनाओं का लाभ समय पर मिले। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत वर्ष 2024-25 से अब तक पंजाब में 36,792 घरों को सीधी वित्तीय सहायता के लिए मंजूरी दी गई है।
तरुनप्रीत सिंह सौंद के अनुसार, इनमें से 17,000 घरों का निर्माण लगभग 478.45 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता से पूरा किया जा चुका है, जबकि 19,792 घरों का निर्माण कार्य तेजी से जारी है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में अब भी बड़ी संख्या में परिवार उचित आवास सुविधाओं से वंचित हैं और सरकार ऐसे परिवारों को पक्के घर उपलब्ध कराने के लिए गंभीरता से काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य केवल मकानों का निर्माण करना नहीं, बल्कि लाभार्थियों को सुरक्षित, सम्मानजनक और बेहतर जीवन स्तर वाला आवासीय वातावरण प्रदान करना भी है। इसके लिए योजनाओं की निगरानी और कार्यान्वयन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
मंत्री ने जानकारी दी कि नियमित आवासीय सहायता के अलावा बाढ़ प्रभावित परिवारों के लिए 360 करोड़ रुपये का विशेष पैकेज भी मंजूर किया गया है। इस पैकेज के तहत 30,000 क्षतिग्रस्त घरों की मरम्मत और पुनर्निर्माण का लक्ष्य निर्धारित किया गया था।
उन्होंने बताया कि अब तक 28,020 घरों को मंजूरी दी जा चुकी है और पात्र लाभार्थियों के बैंक खातों में पहली तथा दूसरी किस्त की राशि भी ट्रांसफर कर दी गई है। सरकार का प्रयास है कि बाढ़ प्रभावित परिवार जल्द से जल्द अपने घरों का पुनर्निर्माण कर सकें और सुरक्षित वातावरण में रह सकें।
तरुनप्रीत सिंह सौंद ने कहा कि सरकार की आवासीय योजनाओं का प्रभाव ग्रामीण परिवारों के जीवन में स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। उन्होंने दोहराया कि भगवंत मान सरकार प्रत्येक पात्र परिवार तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है और किसी भी जरूरतमंद परिवार को संसाधनों की कमी के कारण योजना से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा।
फतेहगढ़ साहिब जिले के गांव मछराए कलां के निवासी और योजना के लाभार्थी प्रीतम सिंह ने बताया कि उनका परिवार पहले कच्चे मकान में रहता था। बरसात के दौरान घर में पानी भर जाता था और दीवारों व छत की खराब स्थिति के कारण परिवार को कई परेशानियों का सामना करना पड़ता था। उन्होंने कहा कि सरकार से मिली सहायता के बाद उनका पक्का मकान बन सका, जिससे परिवार को सुरक्षित और बेहतर आवासीय सुविधा मिली है।
News Written By: Priyanka Thakur


