Homeपंजाबखेलां वतन पंजाब दियां-2026 का आगाज, 10 लाख खिलाड़ी दिखाएंगे हुनर: CM...

खेलां वतन पंजाब दियां-2026 का आगाज, 10 लाख खिलाड़ी दिखाएंगे हुनर: CM मान

खेलां वतन पंजाब दियां-2026 का आगाज, 10 लाख खिलाड़ी दिखाएंगे हुनर: CM मान

बठिंडा, 5 सितंबर: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने शनिवार को बठिंडा के शहीद भगत सिंह स्टेडियम में ‘खेलां वतन पंजाब दियां-2026’ के चौथे सीजन का उद्घाटन किया। इस साल राज्य के करीब 10 लाख खिलाड़ी 39 खेलों और चार पैरा-स्पोर्ट्स में हिस्सा लेंगे। प्रतियोगिताओं में 14 वर्ष से लेकर 70 वर्ष से अधिक उम्र तक के खिलाड़ी शामिल होंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन खेलों का उद्देश्य पंजाब की युवा ऊर्जा को खेलों से जोड़ना और गांवों तथा शहरों में छिपी खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने के लिए मंच उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन की खासियत यह है कि इसमें अलग-अलग पीढ़ियां एक साथ हिस्सा ले सकती हैं। पिछले संस्करणों में एक ही परिवार की तीन पीढ़ियों के खिलाड़ियों ने भी प्रतियोगिताओं में भाग लिया है।

इस बार 39 खेलों के साथ एथलेटिक्स, पावरलिफ्टिंग, बैडमिंटन और व्हीलचेयर बास्केटबॉल सहित चार पैरा-स्पोर्ट्स को शामिल किया गया है। पहली बार लड़कों और लड़कियों के लिए टेनिस-बॉल क्रिकेट को प्रदर्शन खेल के तौर पर जगह दी गई है। खेलों का समापन 29 नवंबर को पटियाला में होगा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि विजेता खिलाड़ियों के बीच कुल 12.50 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि वितरित की जाएगी। पहली बार वेटरन खिलाड़ियों को भी नकद पुरस्कार दिए जाएंगे। राज्य स्तर पर स्वर्ण पदक विजेता को 10,000 रुपये, रजत पदक विजेता को 7,000 रुपये और कांस्य पदक विजेता को 5,000 रुपये दिए जाएंगे।

कार्यक्रम के दौरान कॉमनवेल्थ गेम्स-2026 के रजत पदक विजेता हरजिंदर कौर और लवप्रीत सिंह को 50-50 लाख रुपये की पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया गया।

भगवंत सिंह मान ने कहा कि खेलों के जरिए पंजाब के युवाओं को नशे से दूर रखने और स्वस्थ एवं अनुशासित जीवन की ओर ले जाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य में ग्रामीण स्तर पर खेल प्रतिभाओं को तैयार करने के लिए जरूरी बुनियादी ढांचा विकसित किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री के अनुसार, राज्य में 3,148 ग्रामीण खेल मैदान विकसित किए जा रहे हैं, जिनमें से 750 का उद्घाटन हो चुका है। इसके अलावा 6,000 जिम स्थापित करने की योजना है, जबकि पहले चरण में 500 जिम लोगों को समर्पित किए जा चुके हैं।

उन्होंने कहा कि नई खेल नीति के तहत खिलाड़ियों को बड़ी प्रतियोगिताओं की तैयारी के लिए वित्तीय सहायता भी दी जा रही है। ओलंपिक की तैयारी के लिए 15 लाख रुपये और एशियन एवं कॉमनवेल्थ गेम्स की तैयारी के लिए 8 लाख रुपये की सहायता का प्रावधान किया गया है।

मुख्यमंत्री ने भरोसा जताया कि वर्ष 2036 के ओलंपिक में पंजाब के खिलाड़ी भारत के लिए 10 से अधिक पदक जीतेंगे। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को खेलों में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करने की अपील की और कहा कि खेल बच्चों में फिटनेस, अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित करते हैं।

उद्घाटन समारोह में भांगड़ा और गिद्दा सहित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी हुईं। पंजाबी कलाकार गुरदास मान और कुलविंदर बिल्ला ने प्रस्तुति दी। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां, तरुणप्रीत सिंह सोंड, हरदीप सिंह मुंडियां, लोकसभा सांसद गुरमीत सिंह मीत हेयर सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

News Written By: Priyanka Thakur

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments