Homeपंजाबकुलदीप धालीवाल ने राज्यपाल से की मुलाकात, अजनाला को बाढ़ से बचाने...

कुलदीप धालीवाल ने राज्यपाल से की मुलाकात, अजनाला को बाढ़ से बचाने के लिए उज नदी पर डैम की मांग

कुलदीप धालीवाल ने राज्यपाल से की मुलाकात, अजनाला को बाढ़ से बचाने के लिए उज नदी पर डैम की मांग

चंडीगढ़, 18 अगस्त 2026: आम आदमी पार्टी के अजनाला से विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल ने अजनाला क्षेत्र को हर साल आने वाली बाढ़ से बचाने और स्थायी विकास के लिए पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया से मुलाकात की। उनके साथ अजनाला विधानसभा क्षेत्र के सरपंच, चेयरमैन और जिला परिषद सदस्य भी मौजूद रहे। प्रतिनिधिमंडल ने उज नदी पर प्रस्तावित डैम का निर्माण जल्द पूरा कराने सहित क्षेत्र से जुड़े कई मुद्दे राज्यपाल के सामने रखे।

मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत में कुलदीप सिंह धालीवाल ने कहा कि अजनाला क्षेत्र के लोगों को हर साल रावी और उज नदियों के पानी के कारण गंभीर बाढ़ का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि बाढ़ से किसानों की फसलें बर्बाद होती हैं, सड़कें क्षतिग्रस्त होती हैं और उपजाऊ जमीन का नुकसान होता है। लगातार बाढ़ के खतरे के कारण क्षेत्र में उद्योग और रोजगार के अवसरों पर भी असर पड़ता है।

धालीवाल ने कहा कि जम्मू-कश्मीर से आने वाली उज नदी पंजाब के कई इलाकों से होकर अजनाला क्षेत्र तक पहुंचती है और इसके बाद पाकिस्तान की ओर चली जाती है। उन्होंने केंद्र सरकार की उज नदी पर डैम बनाने की योजना का मुद्दा राज्यपाल के सामने उठाया। उनके अनुसार यह परियोजना पिछले 10 से 12 वर्षों से लंबित है और इसका निर्माण जल्द पूरा किया जाना चाहिए।

आप विधायक ने कहा कि उज डैम बनने से बाढ़ नियंत्रण में मदद मिलेगी। इसके साथ ही बिजली उत्पादन, सिंचाई के लिए पानी और बॉर्डर क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर पैदा हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि इससे किसानों को राहत मिलेगी और क्षेत्र के आर्थिक विकास को भी गति मिल सकती है।

धालीवाल ने राज्यपाल से अपील की कि वह उज डैम के मुद्दे को प्रधानमंत्री और केंद्रीय जल शक्ति मंत्रालय के समक्ष प्रमुखता से उठाएं। उन्होंने कहा कि यदि केंद्र सरकार विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करना चाहती है तो सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास पर विशेष ध्यान देना होगा।

उन्होंने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों की समस्याओं को नजरअंदाज करने से देश का समग्र विकास अधूरा रहेगा। धालीवाल ने पिछले समय प्रधानमंत्री द्वारा घोषित 1,600 करोड़ रुपये के बाढ़ मुआवजे का मुद्दा भी उठाया और कहा कि यह राशि अभी तक पंजाब को नहीं मिली है।

विधायक के अनुसार राज्यपाल ने प्रतिनिधिमंडल को भरोसा दिया कि वह केंद्रीय जल शक्ति मंत्री से मुलाकात कर इस मामले को आगे बढ़ाने और समाधान की दिशा में प्रयास करेंगे। धालीवाल ने उम्मीद जताई कि उज डैम परियोजना को जल्द गति मिलेगी और अजनाला सहित सीमावर्ती क्षेत्रों को बाढ़ की समस्या से स्थायी राहत मिल सकेगी।

News Written By: Priyanka Thakur

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments