अमृतसर में 20 किलो हेरोइन के साथ तस्कर गिरफ्तार, विदेशी हैंडलर से जुड़े नेटवर्क का भंडाफोड़
चंडीगढ़/अमृतसर, 1 अगस्त | प्रियंका ठाकुर | www.24ghantenews.com
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों पर चलाए जा रहे नशा विरोधी अभियान के तहत पंजाब पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। काउंटर इंटेलिजेंस (सीआई) अमृतसर ने सीमा पार से संचालित नशा तस्करी और संगठित अपराध से जुड़े एक नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए 20 किलोग्राम हेरोइन के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही होंडा सिटी कार भी जब्त कर ली है।
डायरेक्टर जनरल ऑफ पुलिस (डीजीपी) गौरव यादव ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान ओम शर्मा, निवासी अमृतसर रोड, झबाल (जिला तरनतारन) के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी सीमा पार के तस्करों से जुड़े एक विदेशी हैंडलर के निर्देश पर काम कर रहा था और उसे सीमावर्ती क्षेत्र से हेरोइन की खेप प्राप्त कर पंजाब के विभिन्न हिस्सों में सप्लाई करने की जिम्मेदारी दी गई थी।
डीजीपी के अनुसार, काउंटर इंटेलिजेंस अमृतसर को गुप्त सूचना मिली थी कि विदेशी हैंडलर के सहयोगी पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए भेजी गई हेरोइन की खेप अजनाला के सीमावर्ती इलाके में प्राप्त कर ओम शर्मा तक पहुंचाते हैं। इसके बाद आरोपी इस खेप को राज्य के अलग-अलग हिस्सों में तस्करों तक पहुंचाता था।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अमृतसर के फतेहगढ़ चूड़ियां रोड स्थित सोहियां कलां इलाके में दाना मंडी के पास घेराबंदी की। इस दौरान ओम शर्मा को हिरासत में लेकर उसकी तलाशी ली गई, जिसमें उसके कब्जे से 20 किलोग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने मौके से तस्करी में इस्तेमाल की जा रही होंडा सिटी कार (PB-46-AJ-6021) भी जब्त कर ली।
डीजीपी गौरव यादव ने कहा कि जांच एजेंसियां अब इस पूरे नेटवर्क के आगे और पीछे के लिंक खंगाल रही हैं। यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस गिरोह का पहले उजागर किए जा चुके अन्य अंतरराज्यीय या सीमा पार नशा तस्करी मॉड्यूल से कोई संबंध है या नहीं। पुलिस विदेशी हैंडलर और उसके स्थानीय सहयोगियों की पहचान कर पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने की दिशा में काम कर रही है।
इस मामले में एफआईआर संख्या 48, दिनांक 31 जुलाई 2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 21, 25 और 29 के अंतर्गत स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल, अमृतसर में मामला दर्ज किया गया है। पंजाब पुलिस ने कहा कि राज्य में नशा तस्करी और संगठित अपराध के खिलाफ अभियान आगे भी पूरी सख्ती से जारी रहेगा।


