पेपर लीक और परीक्षा गड़बड़ियों पर केंद्र सरकार पर बरसे अरविंद केजरीवाल
By Priyanka Thakur
नई दिल्ली: Arvind Kejriwal ने देश में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक और परीक्षा गड़बड़ियों को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि देश में ऐसी सरकार चल रही है जो एक परीक्षा भी सही तरीके से आयोजित नहीं कर पा रही है।
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि नीट, सीबीएसई 12वीं, एसएससी जीडी के बाद अब बीटेक परीक्षा में भी गड़बड़ियों की खबरें सामने आ रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि देश की पूरी शिक्षा व्यवस्था पर माफिया का कब्जा हो चुका है और करोड़ों युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर प्रतिक्रिया देते हुए केजरीवाल ने कहा कि कई जगहों से सर्वर खराब होने, परीक्षा केंद्रों पर क्षमता से अधिक छात्रों को बुलाने और अव्यवस्था की शिकायतें मिल रही हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर देश में किस तरह की सरकार है जो एक पेपर भी ठीक से नहीं करा पा रही।
केजरीवाल ने दावा किया कि शिक्षा माफिया लगातार मजबूत हो रहा है और इसके पीछे सत्ता के शीर्ष पर बैठे लोगों का संरक्षण है। उन्होंने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि अगर वे अपना भविष्य सुरक्षित रखना चाहते हैं तो उन्हें आवाज उठानी होगी।
वहीं Manish Sisodia ने भी परीक्षा प्रणाली को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पिछले 10 दिनों में शायद ही कोई ऐसा दिन गया हो जब किसी परीक्षा में धांधली, पेपर लीक या अव्यवस्था की खबर सामने न आई हो।
मनीष सिसोदिया ने कहा कि नीट पेपर लीक, सीबीएसई मूल्यांकन विवाद, यूपीएससी परीक्षा विवाद और एसएससी जीडी परीक्षा में तकनीकी खामियों ने छात्रों और अभिभावकों का भरोसा तोड़ दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार युवाओं के भविष्य को लेकर गंभीर नहीं है।
सिसोदिया ने प्रधानमंत्री पर हमला बोलते हुए कहा कि अगर चुनाव जीतने पर जितना ध्यान दिया जाता है, उसका एक प्रतिशत भी परीक्षा प्रणाली को सुधारने में लगाया जाए तो युवाओं का भविष्य सुरक्षित हो सकता है। उन्होंने कहा कि देश का युवा अब सवाल पूछ रहा है कि जब सरकार से शिक्षा व्यवस्था नहीं संभल रही, तो जिम्मेदारी कौन लेगा।
आम आदमी पार्टी नेताओं के इन बयानों के बाद शिक्षा व्यवस्था और परीक्षा प्रणाली को लेकर राजनीतिक बहस और तेज हो गई है।


