चंडीगढ़, 23 मई:
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शनिवार को संत कबीर कुटीर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर हरियाणा के खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम भी उपस्थित रहे। पौधारोपण कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से प्रकृति संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण सबसे बड़ी जरूरत बन चुका है। तेजी से बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन के प्रभावों को देखते हुए हर नागरिक को पर्यावरण बचाने के प्रयासों में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि वृक्ष केवल हरियाली ही नहीं बढ़ाते, बल्कि मानव जीवन के लिए शुद्ध वायु, स्वच्छ वातावरण और प्राकृतिक संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
नायब सिंह सैनी ने कहा कि आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य देने के लिए आज से ही प्रकृति के संरक्षण की दिशा में ठोस कदम उठाने होंगे। उन्होंने कहा कि पौधारोपण केवल एक दिन का अभियान नहीं होना चाहिए, बल्कि इसे जन आंदोलन का रूप देना आवश्यक है। प्रत्येक व्यक्ति यदि एक पौधा लगाकर उसकी जिम्मेदारी ले, तो पर्यावरण संरक्षण के लक्ष्य को आसानी से हासिल किया जा सकता है।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने घरों, गांवों, स्कूलों, कार्यालयों और सार्वजनिक स्थलों पर अधिक से अधिक पौधे लगाएं। साथ ही यह भी सुनिश्चित करें कि लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल हो ताकि वे बड़े होकर पर्यावरण को लाभ पहुंचा सकें।
उन्होंने कहा कि प्रकृति के संरक्षण में जनभागीदारी सबसे महत्वपूर्ण है। सरकार पर्यावरण संरक्षण के लिए विभिन्न योजनाएं और अभियान चला रही है, लेकिन समाज की सक्रिय भागीदारी के बिना इन प्रयासों को पूरी सफलता नहीं मिल सकती।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने भी पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया और पौधारोपण अभियान में सक्रिय योगदान देने का भरोसा जताया।


