मंत्री संजीव अरोड़ा के घर फिर ED रेड, CM भगवंत मान ने भाजपा पर बोला हमला
By Priyanka Thakur
चंडीगढ़: पंजाब सरकार के मंत्री संजीव अरोड़ा के सेक्टर-2 स्थित सरकारी आवास पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने शनिवार सुबह एक बार फिर छापेमारी की। जानकारी के अनुसार करीब 20 गाड़ियों में ED की टीम मौके पर पहुंची और लंबे समय तक जांच कार्रवाई जारी रही। पिछले एक महीने में यह दूसरी और एक साल में तीसरी बार है जब मंत्री संजीव अरोड़ा ED की कार्रवाई के दायरे में आए हैं।
सूत्रों के मुताबिक, ED को संजीव अरोड़ा से जुड़ी कुछ कंपनियों में कथित वित्तीय अनियमितताओं के संकेत मिले हैं। जांच एजेंसी को करीब 157.12 करोड़ रुपये की फर्जी बिक्री और शेल कंपनियों के जरिए किए गए संदिग्ध निर्यात लेनदेन की जानकारी मिली है। एजेंसी को यह भी शक है कि विदेशी संस्थाओं के माध्यम से फेमा नियमों का उल्लंघन करते हुए पैसों की “राउंड-ट्रिपिंग” की गई।
जांच के दौरान ED ने कई बैंक खातों को अटैच कर लिया है। इसके अलावा इस नेटवर्क से जुड़े डीमैट खाते और म्यूचुअल फंड होल्डिंग्स को भी फ्रीज किए जाने की जानकारी सामने आई है। इससे पहले अप्रैल महीने में भी लुधियाना समेत कई ठिकानों पर छापेमारी की गई थी।
इस कार्रवाई को लेकर पंजाब के मुख्यमंत्री Bhagwant Mann ने भाजपा और केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि भाजपा लगातार पंजाब को दबाने की कोशिश कर रही है, लेकिन पंजाब कभी झुकेगा नहीं।
मुख्यमंत्री ने कहा, “आज फिर बीजेपी की ईडी संजीव अरोड़ा के घर आई है। एक साल में यह तीसरी बार और एक महीने में दूसरी बार है। फिर भी उन्हें कुछ नहीं मिला। मैं मोदी जी से कहना चाहता हूं कि पंजाब गुरुओं की धरती है। औरंगजेब भी इसे झुका नहीं पाया था। यह भगत सिंह की धरती है, जिसने अंग्रेजों के सामने भी सिर नहीं झुकाया। पंजाब मोदी की चालों के आगे कभी नहीं झुकेगा।”
मान ने आगे आरोप लगाया कि भाजपा और ED के बीच “अनैतिक गठबंधन” बन चुका है और पंजाब की जनता इसका जवाब देगी। वहीं ED की ओर से अभी तक आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।


