Author: Priyanka Thakur
पंजाब में AI आधारित हृदय जांच की शुरुआत, तीन जिलों में लगेंगे अत्याधुनिक स्वास्थ्य उपकरण
चंडीगढ़, 19 जून: पंजाब सरकार ने स्वास्थ्य सेवाओं को आधुनिक तकनीक से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए सेंटर फॉर हेल्थ रिसर्च एंड इनोवेशन (CHRI) के साथ एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए हैं। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली सरकार द्वारा शुरू की गई इस पहल का उद्देश्य राज्य के सार्वजनिक स्वास्थ्य ढांचे को और मजबूत बनाना तथा लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री Dr. Balbir Singh की उपस्थिति में हुए इस समझौते के तहत पंजाब के तीन जिलों — पटियाला, एसएएस नगर (मोहाली) और फतेहगढ़ साहिब — में एआई आधारित स्वास्थ्य जांच उपकरण स्थापित किए जाएंगे। यह पायलट प्रोजेक्ट लोगों में दिल और सांस संबंधी बीमारियों का शुरुआती चरण में पता लगाने में मदद करेगा।
डॉ. बलबीर सिंह ने बताया कि इस परियोजना के तहत उन्नत एआई आधारित ईसीजी मशीनें और डिजिटल स्टेथोस्कोप लगाए जाएंगे। इनमें सनफॉक्स स्पैंडन ईसीजी उपकरण शामिल है, जो कम समय में हृदय की जांच कर गंभीर हृदय रोगों के जोखिम वाले मरीजों की पहचान करने में सक्षम है। इससे जरूरतमंद मरीजों को समय पर विशेषज्ञ चिकित्सकों के पास रेफर किया जा सकेगा।
उन्होंने बताया कि एआई आधारित डिजिटल स्टेथोस्कोप विशेष रूप से बच्चों में हृदय संबंधी समस्याओं की प्रारंभिक जांच में मदद करेगा। इससे गंभीर बीमारी से पीड़ित बच्चों की समय रहते पहचान कर उचित उपचार उपलब्ध कराया जा सकेगा।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि इन अत्याधुनिक उपकरणों के प्रभावी उपयोग के लिए स्वास्थ्य कर्मचारियों को विशेष प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। इससे नई तकनीक को नियमित स्वास्थ्य सेवाओं में सुचारू रूप से शामिल किया जा सकेगा और भविष्य में पूरे राज्य में एआई आधारित स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के लिए महत्वपूर्ण अनुभव प्राप्त होगा।
डॉ. बलबीर सिंह ने कहा कि यह पहल केवल आधुनिक उपकरण लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करना, रेफरल प्रणाली को बेहतर बनाना और स्वास्थ्य संबंधी आंकड़ों के आधार पर भविष्य की योजनाओं को अधिक प्रभावी बनाना है।
उन्होंने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस स्वास्थ्य क्षेत्र में तेजी से बदलाव ला रहा है और पंजाब इस दिशा में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। राज्य सरकार तकनीक आधारित स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ावा देकर नागरिकों को बेहतर, तेज और सटीक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस परियोजना से विशेष रूप से ग्रामीण और अर्ध-शहरी क्षेत्रों के लोगों को लाभ मिलने की उम्मीद है, जहां समय पर जांच और विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं तक पहुंच कई बार चुनौतीपूर्ण होती है। सरकार का मानना है कि एआई आधारित तकनीक स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी तथा जन-केंद्रित बनाएगी।


