Author Name: Priyanka Thakur
Headline:
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान का किसानों को बड़ा तोहफा, KCC लोन सीमा में ऐतिहासिक बढ़ोतरी
Content:
चंडीगढ़: पंजाब सरकार ने किसानों के हित में बड़ा फैसला लेते हुए किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) योजना में ऐतिहासिक बदलाव किए हैं। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने सोमवार को नई KCC नीति का ऐलान करते हुए कहा कि अब किसानों को फसल की वास्तविक लागत के अनुसार अधिक कर्ज मिलेगा और उन्हें साहूकारों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।
नई नीति के तहत गेहूं के लिए कर्ज सीमा 24,380 रुपए प्रति एकड़ से बढ़ाकर 30,000 रुपए प्रति एकड़ और धान के लिए 25,440 रुपए से बढ़ाकर 39,000 रुपए प्रति एकड़ कर दी गई है। इसके अलावा पहली बार किसानों को पराली प्रबंधन के लिए 2,000 रुपए प्रति एकड़ अतिरिक्त सहायता भी दी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 26 साल पुराने KCC सिस्टम को पूरी तरह डिजिटल बनाया जा रहा है। अब किसान ATM, UPI और CBS आधारित डिजिटल सिस्टम के जरिए आसानी से पैसे निकाल सकेंगे। ऑनलाइन भुगतान करने वाले किसानों को बैंकों की ओर से विशेष छूट भी मिलेगी।
सरकार ने फसल विविधता को बढ़ावा देने के लिए कई नई फसलों को भी KCC के दायरे में शामिल किया है। अब किसान पॉपलर, बांस, जामुन, लेमनग्रास, ड्रैगन फ्रूट, चिया सीड, क्विनोआ और हाइब्रिड टमाटर जैसी फसलों के लिए भी कर्ज ले सकेंगे।
बागवानी और सब्जी उत्पादकों को भी बड़ा फायदा मिलेगा। पहले सभी फल और सब्जियों के लिए केवल 32,000 रुपए प्रति एकड़ कर्ज मिलता था, लेकिन अब यह राशि फसल के अनुसार 1.57 लाख रुपए प्रति एकड़ तक पहुंच सकती है।
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि इन सुधारों से पंजाब के 13 लाख से ज्यादा किसानों को लाभ मिलेगा और कृषि क्षेत्र को नई मजबूती मिलेगी। सरकार का लक्ष्य किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना और खेती को अधिक लाभदायक बनाना है।
उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार किसानों की जमीन और अधिकारों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और किसी भी बैंक को किसानों की जमीन जब्त नहीं करने दी जाएगी।


