विश्व तोता दिवस एवं अंतरराष्ट्रीय जैव विविधता दिवस पर चंडीगढ़ में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
By Priyanka Thakur
चंडीगढ़: द एनवायरमेंट सोसायटी ऑफ इंडिया (ईएसआई) द्वारा पर्यावरण विभाग, चंडीगढ़ प्रशासन के सहयोग से सेक्टर-21 स्थित बर्ड सैंक्चुरी में विश्व तोता दिवस और अंतरराष्ट्रीय जैव विविधता दिवस के उपलक्ष्य में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। बारिश के बावजूद विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों और शिक्षकों ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वन एवं वन्यजीव संरक्षक अनूप कुमार सोनी रहे। प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए ईएसआई के सचिव एन.के. झिंगन ने बर्ड सैंक्चुरी के ऐतिहासिक महत्व और तोता संरक्षण में सोसायटी की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि संस्था के निरंतर प्रयासों से इस क्षेत्र को भारत सरकार के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय द्वारा संरक्षित पक्षी अभयारण्य का दर्जा मिला है।
उन्होंने कहा कि ईएसआई संभवतः देश की एकमात्र संस्था है जो नियमित रूप से विश्व तोता दिवस का आयोजन कर रही है और वर्ष 2026 में अपनी स्वर्ण जयंती मनाने जा रही है।
सुश्री अंजलि कपूर ने विद्यार्थियों को अंतरराष्ट्रीय जैव विविधता दिवस के महत्व के बारे में जानकारी देते हुए पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
मुख्य अतिथि अनूप कुमार सोनी ने अपने संबोधन में कहा कि प्रत्येक जीव पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने विद्यार्थियों को विभिन्न प्रकार के तोतों, उनकी जीवन शैली और पर्यावरणीय महत्व के बारे में जानकारी दी तथा लोगों से पक्षियों को पिंजरों में कैद न करने की अपील की। उन्होंने बताया कि वन्य पक्षियों को पकड़ना और कैद करना कानूनन अपराध है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने स्वच्छता, हरियाली और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े नारे लगाए तथा प्लास्टिक के कम उपयोग और पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली अपनाने की शपथ ली।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण बर्ड सैंक्चुरी परिसर और आसपास निकाली गई जागरूकता रैली रही। विद्यार्थियों ने जैव विविधता संरक्षण, पक्षी संरक्षण और पर्यावरणीय संतुलन से जुड़े संदेशों वाले पोस्टर और तख्तियां लेकर लोगों को जागरूक किया। गर्मी के मौसम को देखते हुए पक्षियों के लिए मिट्टी के जलपात्र भी लगाए गए।
इस अवसर पर सुश्री परमजीत ने तोते का एक कार्यशील मॉडल मुख्य अतिथि को भेंट किया, जबकि सेंट जेवियर्स स्कूल की छात्रा आयर्वीर खोसला ने प्रकृति और तोता संरक्षण पर आधारित कविता प्रस्तुत की।
कार्यक्रम में उत्कृष्ट नारे और पोस्टर बनाने वाले विद्यार्थियों को प्रशस्ति-पत्र और स्मृति-चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान डॉ. रविन्द्र नाथ, इंजीनियर अशोक बंसल, के.एल. सचदेवा, ऋतु खोसला और शशि झिंगन सहित सोसायटी के कई सदस्य उपस्थित रहे।


