विकास और तरक्की का नया अध्याय लिख रहा पंजाब: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान
चंडीगढ़, 5 अक्टूबर: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि पंजाब का इतिहास संघर्ष, कुर्बानियों, योगदान और चढ़दी कला की भावना से जुड़ा रहा है। उन्होंने कहा कि पंजाब आज भी अपनी महान विरासत के माध्यम से देश की प्रगति और खाद्य सुरक्षा में निरंतर योगदान दे रहा है।
मुख्यमंत्री ने पंजाब कला भवन में तीन जिल्दों और कुल 1,980 पृष्ठों वाली पुस्तक ‘पंजाब का इतिहास’ का विमोचन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि ऐसे प्रदेश के इतिहास को दस्तावेज के रूप में प्रस्तुत करना बड़ी जिम्मेदारी है, जिसने सदियों के दौरान अनेक उतार-चढ़ाव, जीत, संघर्ष और बदलाव देखे हैं।
भगवंत मान ने कहा कि पंजाब कला, संस्कृति और साहित्य का समृद्ध खजाना रहा है। यह धरती प्राचीन समय से ही सभ्यता और संस्कृति की अनूठी मिसाल रही है। उन्होंने कहा कि पंजाब की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को संभालना सभी की साझा जिम्मेदारी है और नई पीढ़ी को अपनी जड़ों तथा इतिहास से जोड़ना जरूरी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महान सिख गुरुओं से पंजाबियों को कुर्बानी, बहादुरी और अन्याय के खिलाफ संघर्ष की प्रेरणा मिली। उन्होंने आजादी के आंदोलन में पंजाबियों के योगदान को भी याद किया। मुख्यमंत्री के अनुसार, देश की आबादी में पंजाब की हिस्सेदारी कम होने के बावजूद स्वतंत्रता संग्राम में पंजाबियों की कुर्बानियां उल्लेखनीय रही हैं।
उन्होंने कहा कि आजादी के बाद भी पंजाबियों ने देश की सीमाओं की रक्षा से लेकर आर्थिक विकास तक महत्वपूर्ण योगदान दिया है। पंजाब ने देश को अनेक उद्यमी और उद्योगपति दिए हैं, जिन्होंने आधुनिक अर्थव्यवस्था के निर्माण में भूमिका निभाई।
मुख्यमंत्री ने कृषि क्षेत्र में पंजाब के योगदान का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य के मेहनती किसानों ने भारत को खाद्यान्न उत्पादन में आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि पंजाब इस साल भी राष्ट्रीय अनाज भंडार में 180 लाख मीट्रिक टन से अधिक धान का योगदान देने के लिए तैयार है।
उन्होंने कहा कि चावल पंजाबियों का मुख्य भोजन नहीं होने के बावजूद राज्य देश की खाद्य सुरक्षा में बड़ी भूमिका निभा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब का इतिहास, संस्कृति, उपलब्धियां और कुर्बानियां हर पंजाबी के लिए गौरव का विषय हैं और इन्हें आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित रखना आवश्यक है।
News written by Priyanka Thakur


