Wednesday, January 22, 2025
Homeताज़ा ख़बरपीएम मोदी: 'उनका जीवन ईमानदारी और सादगी का प्रतीक', मनमोहन सिंह को...

पीएम मोदी: ‘उनका जीवन ईमानदारी और सादगी का प्रतीक’, मनमोहन सिंह को याद कर भावुक हुए पीएम मोदी

27 दिसंबर 2024:

पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन से पूरे देश में शोक की लहर है। देश में सात दिन के राष्ट्रीय शोक का ऐलान किया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मनमोहन सिंह के आवास जाकर पूर्व पीएम के प्रति श्रद्धा सुमन अर्पित किए। इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी ने एक शोक संदेश जारी किया और पूर्व पीएम को याद किया। पीएम मोदी ने कहा, “पूर्व पीएम मनमोहन सिंह के निधन से हम सभी दुखी हैं। उनका जाना देश के लिए बड़ा झटका है। मनमोहन सिंह का जीवन भावी पीढ़ियों के लिए उदाहरण है कि कैसे वे सभी चुनौतियों से पार पाकर ऊंचाई पर पहुंच सकते हैं।”

प्रधानमंत्री ने कहा, “वह हमेशा एक ईमानदार नेता, एक महान अर्थशास्त्री और एक ऐसे नेता के तौर पर याद रखे जाएंगे, जिन्होंने खुद को सुधारों के प्रति समर्पित कर दिया। एक अर्थशास्त्री के रूप में, खासकर चुनौतीपूर्ण समय में उन्होंने देश की बड़ी सेवा की। उन्होंने विभिन्न पदों पर अपनी सेवाएं दीं और देश की विकास यात्रा में अहम योगदान दिया। उन्होंने रिजर्व बैंक के गवर्नर के रूप में सेवाएं दीं। पूर्व पीएम पीवी नरसिम्हा राव की सरकार में वित्त मंत्री रहे और देश में आर्थिक उदारीकरण की नींव रखी।”

पीएम मोदी ने कहा, “जनता और देश के विकास के प्रति उनका जो समर्पण था, उसे हमेशा बहुत सम्मान से देखा जाएगा। डॉ. मनमोहन सिंह का जीवन ईमानदारी और सादगी का प्रतीक था। उनकी सौम्यता और बौद्धिकता उनके जीवन की पहचान रही। मुझे याद है, जब राज्यसभा में उनका कार्यकाल समाप्त हुआ था, तो मैंने कहा था कि उनका बतौर सांसद समर्पण सीखने लायक है।”

प्रधानमंत्री ने कहा, “उच्च पदों पर रहने के बावजूद मनमोहन सिंह अपनी जड़ों को कभी नहीं भूले। वे सभी के लिए सहज उपलब्ध रहे। जब मैं मुख्यमंत्री था, तो मनमोहन सिंह के साथ राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर खुले मन से चर्चा होती थी। दिल्ली आने के बाद भी उनसे समय-समय पर चर्चा होती थी, वे चर्चाएं और मुलाकातें मुझे हमेशा याद रहेंगी। आज इस कठिन घड़ी में मैं उनके परिवार के प्रति संवेदनाएं अर्पित करता हूं।”

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments