दानवीर भामाशाह जयंती पर व्यापारियों ने लिया राष्ट्र निर्माण का संकल्प, चंडीगढ़ में मनाया व्यापारी प्रेरणा दिवस
चंडीगढ़ | प्रियंका ठाकुर | 24 घंटे न्यूज़
अखिल एकता उद्योग व्यापार मंडल, चंडीगढ़ की ओर से दानवीर भामाशाह जयंती के अवसर पर व्यापारी प्रेरणा दिवस का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में व्यापारियों, समाजसेवियों और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लेकर राष्ट्र निर्माण, सामाजिक सेवा और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय लोक दल (आरएलडी) चंडीगढ़ प्रदेश अध्यक्ष विद्या शंकर पाठक उपस्थित रहे। उनके साथ पार्टी के उपाध्यक्ष राम मिलन गौड़, जनरल सेक्रेटरी धर्मवीर सुलानिया सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।
अपने संबोधन में विद्या शंकर पाठक ने कहा कि दानवीर भामाशाह भारतीय इतिहास के ऐसे महान व्यक्तित्व थे जिन्होंने राष्ट्र और समाज के लिए अपना सर्वस्व समर्पित कर दिया। उन्होंने कहा कि भामाशाह का त्याग, सेवा और राष्ट्रभक्ति आज भी समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत है। युवाओं, व्यापारियों और समाजसेवियों को उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर देश और समाज की उन्नति में योगदान देना चाहिए।
राष्ट्रीय लोक दल के मीडिया प्रभारी विनय कुमार ने कहा कि पार्टी हमेशा किसानों, मजदूरों, व्यापारियों और आम जनता के हितों की आवाज़ उठाती रही है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय लोक दल का उद्देश्य समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर विकास, रोजगार, सामाजिक समरसता और आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देना है। व्यापारियों की समस्याओं के समाधान और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए पार्टी पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
अखिल एकता उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने कहा कि व्यापारी वर्ग देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। व्यापार केवल रोजगार सृजन का माध्यम नहीं, बल्कि समाज सेवा और राष्ट्र निर्माण का भी महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने कहा कि दानवीर भामाशाह का जीवन व्यापारियों को समाज के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने और जरूरतमंदों की सहायता के लिए प्रेरित करता है।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने नई पीढ़ी से सेवा, त्याग, राष्ट्रभक्ति और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना अपनाने का आह्वान किया। अंत में सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए समाज, व्यापार जगत और राष्ट्र के विकास में निरंतर योगदान देने का सामूहिक संकल्प लिया गया।
News By: प्रियंका ठाकुर


