Homeपंजाबतरुण चुग ने पंजाबी में ली राज्यसभा सदस्य की शपथ, बोले- 3...

तरुण चुग ने पंजाबी में ली राज्यसभा सदस्य की शपथ, बोले- 3 करोड़ पंजाबियों की आवाज़ बनूंगा

तरुण चुग ने पंजाबी में ली राज्यसभा सदस्य की शपथ, बोले- 3 करोड़ पंजाबियों की आवाज़ बनूंगा

नई दिल्ली/चंडीगढ़ | प्रियंका ठाकुर | 24 घंटे न्यूज़

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुग ने सोमवार को संसद भवन स्थित राज्यसभा में सदस्य के रूप में शपथ ग्रहण की। उन्होंने अपनी मातृभाषा पंजाबी में शपथ लेकर पंजाब की भाषा, संस्कृति और विरासत को सम्मान दिया। शपथ ग्रहण के बाद तरुण चुग ने कहा कि वह राज्यसभा में 3 करोड़ पंजाबियों की आवाज़ बनकर उनके हितों और अधिकारों की मजबूती से पैरवी करेंगे।

शपथ ग्रहण के दौरान तरुण चुग ने भारत के संविधान के प्रति निष्ठा, देश की संप्रभुता और अखंडता की रक्षा का संकल्प दोहराया। उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता का विश्वास और स्नेह उनकी सबसे बड़ी ताकत है और वे संसद में प्रदेश से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को पूरी मजबूती से उठाएंगे।

तरुण चुग ने कहा कि पंजाब में बढ़ता नशा, गैंगस्टरवाद, किसानों की समस्याएं, उद्योगों का पुनरुद्धार, युवाओं के लिए रोजगार, स्टार्टअप को बढ़ावा, व्यापारियों की परेशानियां और गिरते भूजल स्तर जैसे मुद्दे उनकी प्राथमिकता रहेंगे। उन्होंने कहा कि महिलाओं के सशक्तिकरण और नशामुक्त पंजाब के निर्माण के लिए भी वह संसद में प्रभावी भूमिका निभाएंगे।

उन्होंने विश्वास जताया कि विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को हासिल करने में पंजाब की महत्वपूर्ण भूमिका होगी और एक सांसद के रूप में उनका हर प्रयास राज्य के समग्र विकास को गति देने पर केंद्रित रहेगा। उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने जो विश्वास उन पर जताया है, उस पर वह पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ खरा उतरेंगे।

तरुण चुग ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें राष्ट्र और पंजाब की सेवा का महत्वपूर्ण अवसर मिला है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वह जनता की अपेक्षाओं पर पूरी तरह खरे उतरेंगे।

शपथ ग्रहण समारोह के बाद तरुण चुग ने अपने परिवार के साथ उपराष्ट्रपति एवं राज्यसभा के सभापति सी.पी. राधाकृष्णन से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा, अर्जुन राम मेघवाल, किरण रिजिजू, डॉ. जितेंद्र सिंह सहित भाजपा और विभिन्न दलों के कई वरिष्ठ नेता एवं सांसद उपस्थित रहे। पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़, अश्विनी कुमार शर्मा और अन्य वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी ने समारोह को विशेष महत्व प्रदान किया।

News By: प्रियंका ठाकुर

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments