पंजाब सरकार बनाएगी अमृतसर में भव्य लव-कुश मंदिर, अरविंद केजरीवाल ने किया बड़ा ऐलान
नई दिल्ली/अमृतसर | प्रियंका ठाकुर | 24 घंटे न्यूज़
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने घोषणा की है कि पंजाब सरकार ने अमृतसर में भगवान वाल्मीकि तीर्थ स्थल के निकट भव्य लव-कुश और माता जानकी मंदिर के निर्माण का सैद्धांतिक निर्णय ले लिया है। उन्होंने कहा कि इस परियोजना की विस्तृत रूपरेखा जल्द सार्वजनिक की जाएगी।
अमृतसर में मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के साथ आयोजित प्रेस वार्ता में अरविंद केजरीवाल ने कहा कि अमृतसर दुनिया की सबसे पवित्र धरती में से एक है, जहां विभिन्न धर्मों के महत्वपूर्ण आस्था स्थल मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि यहां स्थित वाल्मीकि तीर्थ का धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व अत्यंत विशेष है और इसी के समीप लव-कुश तथा माता जानकी के नाम पर एक भव्य और दिव्य मंदिर का निर्माण किया जाएगा।
केजरीवाल ने कहा कि धार्मिक मान्यताओं के अनुसार माता सीता ने वाल्मीकि आश्रम में निवास किया था। यहीं लव-कुश का जन्म हुआ और उनका पालन-पोषण तथा शिक्षा भी यहीं हुई। उन्होंने कहा कि भगवान राम के अश्वमेध यज्ञ के दौरान छोड़े गए घोड़े को भी लव-कुश ने इसी स्थान पर रोका था। इस कारण यह स्थान हिंदू धर्म और विशेष रूप से वाल्मीकि समाज के लिए अत्यंत श्रद्धा और आस्था का केंद्र माना जाता है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में यहां भगवान वाल्मीकि का तीर्थ स्थल है और उसके साथ लगती भूमि पर नए मंदिर का निर्माण किया जाएगा। फिलहाल सरकार ने इस परियोजना को सैद्धांतिक मंजूरी दी है। मंदिर के स्वरूप, निर्माण प्रक्रिया और अन्य व्यवस्थाओं पर संबंधित विभाग काम कर रहे हैं। जैसे-जैसे योजना आगे बढ़ेगी, सरकार समय-समय पर इसकी विस्तृत जानकारी साझा करेगी।
अरविंद केजरीवाल ने विश्वास जताया कि इस भव्य मंदिर के निर्माण से न केवल पंजाब बल्कि पूरे देश और विदेशों में बसे श्रद्धालुओं की धार्मिक आस्था को नई पहचान मिलेगी। उन्होंने कहा कि यह परियोजना धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा देगी और अमृतसर की सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक पहचान को और मजबूत करेगी।
News By: प्रियंका ठाकुर


