Homeपंजाबपंजाब पुलिस की बड़ी कामयाबी: इथियोपिया से गैंगस्टर गुरविंदर अफरीदी डिपोर्ट, 30...

पंजाब पुलिस की बड़ी कामयाबी: इथियोपिया से गैंगस्टर गुरविंदर अफरीदी डिपोर्ट, 30 से ज्यादा आपराधिक मामलों में था वांछित

पंजाब पुलिस की बड़ी कामयाबी: इथियोपिया से गैंगस्टर गुरविंदर अफरीदी डिपोर्ट, 30 से ज्यादा आपराधिक मामलों में था वांछित

चंडीगढ़, 8 नवंबर: पंजाब में गैंगस्टरवाद और संगठित अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान ‘गैंगस्टरां ते वार’ के तहत पंजाब पुलिस को बड़ी अंतरराष्ट्रीय सफलता मिली है। पंजाब पुलिस की एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) ने काउंटर इंटेलिजेंस के ओवरसीज फ्यूजिटिव ट्रैकिंग एंड एक्सट्राडिशन सेल (OFTEC) तथा केंद्रीय एजेंसियों के सहयोग से भगोड़े गैंगस्टर गुरविंदर सिंह उर्फ अफरीदी को इथियोपिया से भारत वापस लाने में सफलता हासिल की है। पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि किसी अफ्रीकी देश से भगोड़े अपराधी को भारत वापस लाने की पंजाब पुलिस की यह पहली सफल कार्रवाई है।

डीजीपी के अनुसार, गुरविंदर अफरीदी डोनी बल्ल-प्रभ दासूवाल गैंग का मुख्य सरगना है। उस पर पंजाब में 30 से अधिक गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें पांच हत्या के मामले, हत्या के प्रयास, फिरौती और आर्म्स एक्ट से जुड़े अपराध शामिल हैं। पंजाब सरकार ने उसकी गिरफ्तारी संबंधी सूचना देने वाले के लिए पांच लाख रुपये का इनाम भी घोषित किया था। आरोप है कि विदेश में बैठकर वह पंजाब में टारगेट किलिंग, फिरौती के लिए गोलीबारी और संगठित आपराधिक नेटवर्क संचालित कर रहा था।

10 महीने तक चला अंतरराष्ट्रीय ऑपरेशन शाहिद

डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि ‘ऑपरेशन शाहिद’ के तहत करीब 10 महीने तक बहु-महाद्वीपीय अभियान चलाया गया। इस दौरान पंजाब पुलिस की टीमें आरोपी की गतिविधियों पर लगातार नजर रख रही थीं। उसकी तलाश में एशिया, दक्षिण अमेरिका और अफ्रीका के कई देशों में खुफिया जानकारी जुटाई गई। रेड कॉर्नर नोटिस जारी करवाने के साथ इंटरपोल के सात संदर्भों और विभिन्न राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों के बीच समन्वय से उसकी लोकेशन का पता लगाया गया।

पुलिस के मुताबिक, गुरविंदर अफरीदी 31 मार्च 2025 को मुंबई एयरपोर्ट से यूएई फरार हो गया था। उसने उत्तर प्रदेश के लखनऊ से 12 फरवरी 2025 को एक अन्य व्यक्ति की पहचान के आधार पर फर्जी पासपोर्ट बनवाया था। इसके बाद उसने इस्तांबुल के रास्ते मैक्सिको जाने का प्रयास किया, लेकिन उसे वापस यूएई भेज दिया गया। बाद में वह अप्रैल 2026 में केन्या, जून 2026 में अंगोला और नवंबर 2026 में इथियोपिया पहुंच गया।

6 नवंबर को इथियोपिया में पकड़ा गया गैंगस्टर

डीजीपी ने बताया कि लगातार निगरानी और अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों के सहयोग से आरोपी को 6 नवंबर 2026 को इथियोपिया में हिरासत में लिया गया। इसके बाद उसे भारत डिपोर्ट किया गया। पंजाब पुलिस ने नई दिल्ली एयरपोर्ट पर उसे हिरासत में ले लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए पंजाब लाया जा रहा है।

पांच सनसनीखेज हत्याओं में था वांछित

गुरविंदर अफरीदी पंजाब में पांच चर्चित हत्याओं के मामलों में वांछित था। इनमें अक्टूबर 2024 में सरपंच राजविंदर सिंह उर्फ राज तलवंडी, मार्च 2025 में 12 वर्षीय गुरसेवक सिंह और विक्की चुग, मई 2025 में जसवंत सिंह तथा सितंबर 2025 में कांग्रेस के ब्लॉक प्रधान गुरमेल सिंह की हत्या के मामले शामिल हैं।

डीजीपी गौरव यादव ने इस सफल कार्रवाई के लिए AGTF और OFTEC की टीमों की सराहना की। साथ ही विदेश मंत्रालय, गृह मंत्रालय और केंद्रीय खुफिया एवं जांच एजेंसियों का सहयोग के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि पंजाब पुलिस संगठित अपराध और गैंगस्टर नेटवर्क के खिलाफ अपनी कार्रवाई जारी रखेगी।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments