भगवंत मान सरकार की बड़ी कार्रवाई: 6 महीने में विदेशों से 17 गैंगस्टर भारत लाए गए, 1.61 लाख छापेमारी और 2,162 भगोड़े गिरफ्तार
चंडीगढ़, 9 नवंबर: पंजाब में गैंगस्टरवाद के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को लेकर वित्त मंत्री एवं आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता हरपाल सिंह चीमा ने भगवंत मान सरकार की कार्रवाई का ब्योरा पेश किया। उन्होंने दावा किया कि पंजाब पुलिस ने महज छह महीनों में विदेशों से 17 गैंगस्टरों को भारत वापस लाने में सफलता हासिल की है, जबकि पिछली सरकारें दशकों में भी ऐसा नहीं कर पाईं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार का लक्ष्य राज्य को गैंगस्टर-मुक्त बनाना है और अपराधियों को दुनिया के किसी भी कोने से ढूंढकर कानून के कटघरे में लाया जाएगा।
प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए हरपाल सिंह चीमा ने बताया कि सरकार की विशेष मुहिम ‘गैंगस्टरों ते वार’ के तहत पंजाब पुलिस ने 20 जनवरी से 7 नवंबर 2026 तक कुल 1,61,266 छापेमारी की हैं। इस दौरान 2,162 घोषित भगोड़ों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि यह अभियान गैंगस्टरों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ पंजाब पुलिस की अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाइयों में शामिल है।
चीमा ने बताया कि पंजाब पुलिस ने हांगकांग, मालदीव, जर्मनी, संयुक्त अरब अमीरात, इंडोनेशिया, मलेशिया और कनाडा समेत विभिन्न देशों से कई वांछित अपराधियों को भारत वापस लाने में सफलता हासिल की है। इनमें रमनजीत सिंह रोमी, अमृत सिंह, प्रभप्रीत सिंह, परमिंदर सिंह पिंडी, सज्जन महेश, सुखदेव कुमार मनीष बैदी, अजय सिंह, पवनदीप सिंह, जसप्रीत सिंह और करमबीर सिंह देओल के नाम शामिल हैं।
इथियोपिया से गैंगस्टर अफरीदी को लाया गया भारत
उन्होंने बताया कि 7 नवंबर को पंजाब पुलिस ने एक और बड़ी सफलता हासिल करते हुए गैंगस्टर गुरविंदर सिंह उर्फ अफरीदी को इथियोपिया से वापस भारत लाया। अफरीदी पर पांच लाख रुपये का इनाम घोषित था और वह 30 से अधिक आपराधिक मामलों का सामना कर रहा है। आरोप है कि उसने उत्तर प्रदेश से फर्जी पासपोर्ट बनवाया था और इसके बाद यूएई होते हुए इथियोपिया पहुंच गया था। पंजाब पुलिस ने केंद्रीय एजेंसियों के सहयोग से उसे वापस लाने की कार्रवाई सफलतापूर्वक पूरी की।
हरपाल सिंह चीमा के अनुसार, अफरीदी का नाम पंजाब में सरपंच राजविंदर सिंह, 12 वर्षीय गुरसेवक सिंह, विक्की चुग, जसवंत सिंह और कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष गुरमेल सिंह की हत्याओं समेत कई गंभीर आपराधिक मामलों में सामने आया है।
अकाली-भाजपा और कांग्रेस पर साधा निशाना
कैबिनेट मंत्री ने आरोप लगाया कि पंजाब में गैंगस्टर अकाली-भाजपा सरकार के कार्यकाल में पैदा हुए और पले-बढ़े, जबकि कांग्रेस सरकार के दौरान उन्हें फलने-फूलने का मौका मिला। उन्होंने भाजपा पर भी निशाना साधते हुए सवाल उठाया कि उत्तर प्रदेश में एक गैंगस्टर फर्जी पासपोर्ट कैसे हासिल कर पाया।
उन्होंने गुजरात की साबरमती जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का जिक्र करते हुए भाजपा पर गैंगस्टरों को संरक्षण देने के आरोप भी लगाए।
चीमा ने कहा कि भगवंत मान सरकार अपराधियों के खिलाफ अदालतों में मजबूत सबूत पेश करेगी और उन्हें सजा दिलाने के लिए हर संभव प्रयास करेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि पंजाब की शांति और सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सरकार की कार्रवाई जारी रहेगी और राज्य को गैंगस्टर-मुक्त बनाना सरकार का मुख्य लक्ष्य है।


