रवनीत बिट्टू के कथित जातिसूचक शब्दों पर पंजाब अनुसूचित जाति आयोग सख्त
प्रियंका ठाकुर | 24 Ghante News
चंडीगढ़, 29 मई:
पंजाब राज्य अनुसूचित जाति आयोग ने केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू के खिलाफ सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे कथित जातिसूचक शब्दों के मामले का गंभीर नोटिस लिया है। आयोग के चेयरमैन जसवीर सिंह गढ़ी ने बताया कि धूरी दौरे के दौरान बिट्टू द्वारा कथित तौर पर जातिसूचक शब्दों के इस्तेमाल संबंधी वीडियो और खबरें सोशल मीडिया पर सामने आई थीं, जिसके बाद आयोग ने स्वतः संज्ञान लेते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है।
जसवीर सिंह गढ़ी ने कहा कि आयोग के ध्यान में आए वीडियो लिंक और मीडिया रिपोर्टों के आधार पर पूरे मामले को गंभीरता से लिया गया है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में एसएसपी हेडक्वार्टर, संगरूर के माध्यम से विस्तृत जांच रिपोर्ट तलब की गई है।
आयोग ने निर्देश जारी करते हुए कहा है कि संबंधित जांच रिपोर्ट 1 जून को सुबह 9 बजे तक आयोग के समक्ष पेश की जाए। आयोग का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जाएगी और यदि आरोप सही पाए गए तो नियमों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि धूरी में नगर निगम चुनाव के दौरान हुए घटनाक्रम को लेकर पंजाब की राजनीति लगातार गर्माई हुई है। इस मामले में आम आदमी पार्टी के कई नेताओं ने केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू पर पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ दुर्व्यवहार करने तथा आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करने के आरोप लगाए थे।
अब अनुसूचित जाति आयोग के हस्तक्षेप के बाद यह मामला और अधिक चर्चा में आ गया है। राजनीतिक हलकों में भी इस घटनाक्रम को लेकर प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।
आयोग के चेयरमैन ने स्पष्ट किया कि किसी भी वर्ग या समुदाय के खिलाफ अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और कानून के दायरे में रहकर उचित कार्रवाई की जाएगी।


